Monday, November 8, 2010

दस्तक देने लगी सर्दी

दीपावली के बाद शेखावाटी अंचल में सर्दी की रंगत बढ़ गई है। पिछले दिनों तक सुबह-शाम पड़ने वाली गुलाबी सर्दी अब अंचलवासियों को कुछ-कुछ कंपकंपाने लगी है। हालांकि सर्दी का जोर सूरज ढलने के बाद ही नजर आता है और गहराती रात में बढ़ जाती है। 

सर्दी बढ़ने से लोगों की दिनचर्या पर भी प्रभाव पड़ा है। शहरवासी जल्दी ही घर चले जाते हैं और उन्हें देर तक सोना सुहाने लगा है। नहाने के लिए गर्म पानी की मांग होने लगी है। दिनचर्या के साथ खान-पान पर भी असर पड़ा है। लोग अब ठंडे खाद्य व पेय पदार्थ से परहेज करने लगे हैं। घर-घर में गर्मा-गर्म खाद्य पदार्थो की मांग बढ़ गई है।

मौसम विज्ञों के अनुसार हवा के रुख ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। क्योंकि उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम हवा का प्रभाव बढ़ने लगा है।इसका असर यह हुआ कि सूर्य किरणों सीधी के बजाय तिरछी पड़ने लगी हैं, जिससे कोहरे के साथ-साथ छींटों की संभावना बढ़ गई है। अमूमन गर्मी में दक्षिण-पश्चिम की तरफ बहने वाली हवा का सूर्य की किरण सीधे पड़ने से प्रभाव क्षेत्र सिकुड़ जाता है। लेकिन, सूर्य किरण दक्षिण की ओर पड़ने से तापमान गिरने लगा है। फतेहपुर कृषि विज्ञान केंद्र के डा. सहदेवसिंह बताते हैं इस हवा का असर ज्यादा होने से रात को नमी बढ़ रही है, जिसका असर कोहरे के तौर पर देखने को मिल सकता है।

No comments:

Post a Comment