Saturday, January 8, 2011

ठंड की थर्ड डिग्री


शेखावाटी अंचल में खून जमा देने और हाड़ कंपाने वाली कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। सीकर जिले के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केन्द्र पर शुक्रवार को पारा शून्य से नीचे पहुंच गया। वहां न्यूनतम तापमान (-) 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इससे कस्बे में पाला पड़ने से फसलों और पेड़-पौधों को नुकसान हुआ है। वहीं झुंझुनूं जिले के पिलानी में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि अधिकतम तापमान में वृद्धि होने से पिछले एक सप्ताह से दिन में पड़ रही कंपकंपाने वाली सर्दी से अंचलवासियों को राहत मिल गई। अंचल के अनेक स्थानों पर दिन में तेज धूप खिली और पारा 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह दस बजे तक घना कोहरा छाया रहा लेकिन  सूरज निकलते ही मौसम साफ हो गया और सुबह आठ बजे धूप ने सर्दी से निजात दिला दी। इसके बाद दिन भर चटक धूप रहने से शहरवासियों का दिन सुकून भरा रहा। हालांकि सांझ होते ही सर्दी ने फिर से धूजणी छुटा दी। जहां दोपहर में खिली धूप से लोगों को ठंड से राहत मिली वहीं, रात को बढ़ी ठंडक और छाई धुंध से लोग आहत हुए। धुंध से विशेषकर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शेखावाटी अंचल में दिन का मौसम तेजी से बदलने लगा है। जहां दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है वहीं रात का तापमान भी तेजी से गिर रहा है। दो दिन पहले तक रात से अधिक दिन में धूजणी छूट रही थी। बर्फानी हवाओं के कारण सूरज पूरी तरह से बेअसर साबित हो रहा था। शुक्रवार को शीतलहर नहीं चलने से सूरज की उपस्थिति का अहसास हुआ और तेज धूप खिली। इस कारण दिन का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सूरज ढलते ही मौसम अचानक  बदल जाता है और रात को तेजी से गलन व ठिठुरन बढ़ जाती है। अलसुबह तक पारा जमाव बिन्दू पर पहुंच जाता है।

No comments:

Post a Comment