Saturday, July 23, 2011

दस साल के बालक ने डेढ़ लाख पार किये

स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर में सोमवार सुबह एक बालक ने व्यापारी के मुनीम के डेढ़ लाख रुपए उड़ा लिए। मुनीम ने तत्परता दिखाते हुए बालक को बैंक परिसर में ही रुपयों सहित पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह गीता एजेंसी का मुनीम रणबीरसिंह एसबीबीजे में डेढ़ लाख रुपए जमा कराने के लिए आया। कैश काउंटर के सामने उसने रुपए पास में रूमाल में लपेट कर रख दिए और पर्ची भरने में व्यस्त हो गया। इस दौरान दो बच्चे भी उसके पास आकर बैठ गए। उनमें से एक बच्चे ने रूमाल से मौका रुपए पार कर लिए। बच्चे को अचानक गायब होते देखकर रणबीरसिंह को शंका हुई और उसने अपना रूमाल संभाला तो उसमें रुपए नहीं मिले। रणबीर ने तत्परता दिखाते हुए बैंक से बाहर जाते बच्चे को पकड़ लिया। बालक ने रुपए अपनी शर्ट में छुपा रखे थे। कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इस बीच मौका पाकर दूसरा बच्चा बैंक से चला गया। पकड़े गए बच्चे की उम्र करीब १०-१२ साल है। वह स्वयं का नाम लालू निवासी कडिया जिला राजगढ़ मध्यप्रदेश बताता है और कल रात अपनी दादी के साथ वह फतेहपुर आया था और रेलवे स्टेशन पर ठहरा था। कोतवाली पुलिस ने सादा वर्दी में रेलवे स्टेशन पर भी पुलिसकर्मी भेजे। बच्चे का कहना है कि वह बैंक में अपनी दादी को ढूंढने आया था। वह पुलिस को किसीग प्रकार की अन्य जानकारी नहीं दे रहा है। पुलिस को रेलवे स्टेशन पर बच्चे का कोई परिजन नहीं मिला। बच्चे की जेब में बिस्कुट का पैकेट और च्युइंगम था। माना जा रहा है कि वारदात में मैला लगाने के लिए बिस्कुट और च्युइंगम काम लिया जाता है।

गोशाला विकास व संवर्धन समिति गठित

सोमवार को कस्बे में तहसील स्तरीय गोशाला विकास एवं संवर्धन समिति का गठन किया गया। लक्ष्मीकांत तिवाड़ी ने बताया कि सोमवार को श्री बुधगिरिजी की मढ़ी में राजस्थान गोरक्षा समिति के प्रदेशाध्यक्ष महंत दिनेशगिरि के सानिध्य में तहसील की  गोशालाओं के संचालकों और प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से गोशाला विकास एवं संवर्धन समिति का गठन किया। इसमें विभिन्न पदाधिकारियों की मनोनीत किया गया 

Monday, July 4, 2011

108 की सेवाएं बढ़ाई


प्रशासन ने १०८ एम्बुलेंस सेवा की सेवा का का दायरा बढाते हुए  गरीबों को तोहफा दिया है । अब क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं और नवप्रसूताओं को भी इसकी सेवाएं मिलेगी। आपातकालीन सेवा १०८ के स्थानीय कलस्टर मैनेजर महीपालसिंह बलारां ने बताया कि अब गर्भवती महिलाओं व छोटे बच्चों के टीकाकरण में भी १०८ सेवाओं की सुविधा मिलेगी। एनएचआरएम के निर्देशानुसार अब गर्भवती महिलाओं को प्रसव के बाद वापस घर तक छोड़ा जाएगा। साथ ही छोटे बच्चों को दो टीके लगने तक एम्बुलेंस की सुविधा मुफ्त में मिलेगी। एम्बुलेंस सेवा का दायरा बढऩे से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी। ग्रामीण अंचल में वाहन सुविधा का अभाव रहता है। नए आदेश से गरीब और हर तबके के लोगों को किराए भाड़े में बचत होगी।

Wednesday, June 29, 2011

स्कूल में भरा बरसाती पानी

कस्बे के वार्ड तीन में राजकीय गांधी प्रावि में एकत्रित बरसाती पानी एसडीएम के आदेश के बाद पालिका ने टैंकर से बाहर निकलवाया। सोमवार को हुई बरसात से जमा पानी निकालने के लिए प्रधानाध्यापक ने एसडीएम व बीइईओ को ज्ञापन दिया था। प्रधानाध्यापक पोखरसिंह जाखड़ ने बताया कि सोमवार को हुई बरसात से स्कूल में दो-तीन फीट पानी भर गया और पुराने स्कूल भवन को खतरा पैदा हो गया है। स्कूल के उत्तरी साइड में दो फीट ऊंची सीमेंटेड सड़क बना दी गई। इससे पानी निकासी का रास्ता बंद हो गया। उन्होंने बीईईओ को सूचना दी है कि इस स्कूल में एक भी कमरा बच्चोंं के बैठने लायक नहीं है और विद्यालय का प्रवेश द्वार भी आने जाने योग्य नहीं रहा। बच्चों को सुरक्षा की दृष्टि से खुले आसमान में पेड़ के नीचे बैठा कर पठाया जाता है। शिक्षा विभाग को बार बार सूचना देने के बाद भी कमरों की मरम्मत नहीं की जा रही है।

Tuesday, June 28, 2011

नजारा - ए- नॅशनल हाइवे

कस्बे से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह गड्ढे होने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। सरदारपुरा स्टैंड से खोखर मोटर्स तक आधा दर्जन से भी अधिक स्थानों पर सड़क पूरी तरह से टूटी हुई है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भरा होने के कारण ये दिखाई नहीं देते और दुर्घटना हो जाती है। कस्बे का एक प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां शहरी और बाहरी यातायात का दबाव हर समय बना रहता है। करीब छह माह पूर्व इन गड्ढों के कारण कस्बे के वार्ड संख्या १७ के एक युवक मोटरसाइकिल सवार इंजीनियर जुबैर पंवार की मृत्यु हो गई थी। नवंबर में मुख्यमंत्री के फतेहपुर आगमन पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने फौरी तौर पर अस्थायी रूप से गड्ढों को भरवाया था, लेकिन कुछ समय बाद ही फिर वही स्थिति हो गई। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों को भरने तथा सड़क को ठीक करने की मांग की है।

पूरे दिन बरसे मेघा

विवा आधी रात से दोपहर तक लगातार बारिश से नगर के निचले  हिस्सों  के अनेक घरों में पानी घुस गया। सैन मंदिर के पास शरीफ काजी का मकान गिर गया। प्रशासन व पुलिस पूरे दिन आपदा कार्यों में व्यस्त रहे। रविवार रात्रि से सोमवार दोपहर तक ८८ मिमी बारिश रिकार्ड की गई। सुबह तक रोडवेज बस स्टैंड पर रास्ते में तीन से पांच फीट तक पानी जमा हो गया। सैन मंदिर के पास अनेक घरों में पानी भर गया। प्रशासन मौके पर पहुंचा और पानी निकासी का कार्य शुरू किया। भारी बरसात होने के बावजूद पीडब्ल्यूडी का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं आया। इस पर जनप्रतिनिधियों ने आक्रोश जताया।
लगभग 120मिमी बारिश के आगे नगरपालिका के सारे इंतजाम नाकाफी साबित हुए। पालिका प्रशासन ने संसाधन  जुटाकर पानी निकाला। रविवार रात को शुरू हुआ बारिश का दौर सोमवार को दिनभर जारी रहा। कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। निचले क्षेत्रों में पानी भरने से लोग परेशान रहे।

बारिश से हवेली ढही


अंचल में कल हुयी तेज बारिश से जगह जगह पानी भर गया अ बारिश रुकने के बाद वार्ड 11 में ओसवालों के मोहल्ले में स्थित पुरोहितों की पुरानी हवेली अचानक गिर गई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। देर रात प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से हवेली के बाकी बचे हिस्से को भी जेसीबी से तोड़ दिया। हवेली गिराने के दौरान बिजली के तीन खंभे टूट गए। इससे आजाद अखंड चौरास्ता क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब चार घंटे बाधित रही। उल्लेखनीय है कि जर्जर हवेली से हादसे की आशंका को लेकर लोगों ने कई बार पालिका से इसे तोडऩे की मांग की थी। पालिका प्रशासन ने मौका मुआयना भी किया, लेकिन कार्रवाई नहीं की। देर रात हवेली तोडऩे के बाद बिजली सप्लाई बहाल की गई।