Sunday, May 8, 2016

समाज सेवी राधेश्याम धानुका का मुंबई में निधन

समाजसेवीराधेश्याम धानुका का शुक्रवार को मुंबई में निधन हो गया। उनके द्वारा कस्बे में राजकीय कृष्णादेवी शंकरलाल धानुका अस्पताल का निर्माण करवाया गया था। धानुका अस्पताल के सामने धर्मशाला भी उन्होंनेे बनवाकर दी थी। दो वर्ष पूर्व धानुका अस्पताल में 20 बैड का नया भवन बनवाकर दिया था। वे अग्रवाल समाज के संस्थापक अध्यक्ष थे। उनके नेतृत्व में अग्रसेन भवन का निर्माण हुआ। फतेहपुर नागरिक परिषद के सचिव सुनील बूबना ने बताया कि सर्वसमाज द्वारा रविवार शाम पांच बजे अग्रसेन भवन में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। 

पुलिया निर्माण बना बाशिंदों की आफत


मंडावा पुलियापर रेलवे द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य से टूटी पाइप लाइन से रेलवे स्टेशन इलाके में पानी की किल्लत हो रही है। रेलवे द्वारा यहां पुराना ब्रिज तोड़कर नया बनाया जा रहा है। 
जेसीबी की खुदाई से जलदाय विभाग की पाइप लाइन टूटने से मंडावा पुलिया से पहले करीब तीन सौ घराें में पानी की किल्लत हो गई। मोहल्लेवालों ने बताया कि रेलवे पटरियों के बाहर की तरफ ट्यूबवैल लगा है। रेलवे द्वारा निर्माण कार्य करवाते समय जलदाय विभाग की पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त होने से मंडावा शिवालय इलाके में पानी की भयंकर किल्लत हो गई। महिलाओं को गोशाला पिंजरापोल से पानी लाना पड़ रहा है। मोहल्लेवालों ने शीघ्र ही पानी की व्यवस्था करने की मांग की है। जलदाय विभाग की जेईएन हंसा शर्मा और गिरधारी बबेरवाल ने बताया कि इस इलाके में पाइप लाइनें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उनकी मरम्मत नहीं की जा सकती है। रविवार को नई पाइप लाइन डाल दी जाएगी। 


फतेहपुर के राधेश्याम की फिल्म को एक और उपलब्धि

कस्बेके युवा फिल्म प्रोड्यूसर राधेश्याम पीपलवा की फिल्म नेचप्पा कुम्पसार को न्यूयार्क में होने वाले अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में नामित किया गया है। फिल्म समारोह में भाग लेेने के लिए शुक्रवार को अमेरिका रवाना ने पहले उन्होंने बताया कि उनकी कोकणी फिल्म नेचप्पा कुम्पसार को न्यूयार्क के वाशिंगटन स्कवायर पार्क में शनिवार से होने वाले 16वें अतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में शामिल किया गया है। इस फिल्म के प्रदर्शन के साथ ही समारोह शुरू होगा। इस फिल्म को बेस्ट फिल्म और बेस्ट एक्ट्रेस कैटेगरी में शामिल किया गया है। समारोह में भारत के अमेरिका में राजदूत अनिल सिंह, सलमान रुश्दी, नसीरुद्दीन शाह, मीरा नायर, विशाल भारद्वाज, अर्पणा सेन आदि फिल्म कलाकार भाग ले रहे हैं। 

Saturday, May 7, 2016

खम्भे में दौड़ा करंट , लोग आक्रोशित


गुरुवाररात्रि में हुई बरसात के बाद न्यू मार्केट सीकरिया चौरास्ता के पास खंभे मेें करंट आने से गधा मर गया। शाम सात बजे चालक गधागाड़ी लेकर जा रहा था, तभी बिजली के पोल में करंट गया। इससे गधे की मौत हो गई आैर मालिक की बड़ी मुश्किल से जान बची। गधे को दूसरे दिन सुबह भी नहीं उठाया जा सका। इससे रास्ता बाधित हो गया। 
आक्रोशित लोगों ने दो घंटे तक रास्ता अवरुद्ध कर दिया। आसपास के लोगों का आरोप था कि न्यू मार्केट के पास करंट से पहले भी एक पशु की मौत हो चुकी है। बिजली निगम को शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। कई लोग गधागाड़ी लेकर मौके पर गए और उन्होंने अपनी गधागाड़ियां खोलकर रास्ता जाम कर दिया। तहसीलदार कपिल उपाध्याय मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस बिजली निगम के अधिकारियों को भी बुला लिया। तहसीलदार ने लोगोंं को आश्वासन दिया कि गधा स्वामी को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने पशु चिकित्साधिकारियों को गधे का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने गधा स्वामी के बयान भी लिए। तहसीलदार कपिल उपाध्याय, जेईएन बिजली मुकेश टेलर ने लोगों से समझाइश कर रास्ता खुलवाया। केके इंटरनेशनल बस स्टैंड के पास गली में भी गुरुवार रात्रि को करंट से बछड़े की मौत हो गई। गोगामेड़ी नवलगढ़ पुलिया के पास बिजली के खंभे पर पेड़ गिरने से तीन घंटे से भी अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। यहां नाले में कुतर से भरी पिकअप गिर गई। उसे दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी से निकाला गया। शुक्रवार को आई अस्पताल के पास एक घोड़ा भी करंट से मर गया।  

Wednesday, May 4, 2016

ट्रोमा सेंटर पीपीपी पर देने का विरोध

धानुकाअस्पताल स्थित ट्रोमा सेंटर को पीपीपी मोड पर देने के विरोध में माकपा ने मंगलवार को धरना दिया और एसडीएम के मार्फत मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। 
तहसील सचिव ने बताया कि कि ट्रोमा सेंटर को पीपीपी मोड पर देने से गरीबों और दुर्घटना में घायलों को समुचित इलाज नहीं मिलेगा। माकपा इसका विरोध करेगी। इसके बाद कार्यकर्ताअों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी दिया। उसमें ट्रोमा सेंटर को पीपीपी मोड पर देने का विरोध करने, पूर्व विधायक अमराराम को घमकी देने वाले खोरा सरपंच भगवानसहाय के हमलावरों को गिरफ्तार करने आदि मांगों का उल्लेख किया गया। 

Tuesday, May 3, 2016

एसडीएम ने दिए लीकेज सुधारने के आदेश

एसडीएमकार्यालय में सोमवार को ब्लाक स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक बैठक में एसडीएम ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम, पेयजल लीकेज तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए। एसडीएम पुष्करराज शर्मा ने बीसीएमओ डा. दिलीप कुलहरी को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रबंध करने के निर्देश दिए। 
उन्होंने जेईएन सिटी जलदाय को निर्देश दिए कि कस्बे के सभी लीकेज तुरंत ठीक किए जाए। बैठक में तय किया गया कि कस्बे में अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या के निराकरण के लिए मंगलवार को अधिकारी निरीक्षण करेंगे। बैठक में तहसीलदार कपिल उपाध्याय, जर देवेन्द्र राठौड़, एसआई नपा कैलाश सोनी, एईएन बिजली ग्रामीण एसएस राव, पंचायत प्रचार प्रसार अधिकारी शिवकुमार शर्मा, जेईएन बिजली शहर मुकेश टेलर मौजूद थे। 



Sunday, May 1, 2016

मीठे पानी की राह में रोड़ा

 रोलसाहबसरमें शुक्रवार से शुरू हुआ मीठे पानी की परियाेजना पर खुदाई का काम शनिवार को फिर बंद हो गया। शुक्रवार को एक दिन कार्य शुरू होने के बाद शनिवार को काम फिर बंद रहा। काम क्योंं रुका और कब तक रुका रहेगा, इसका जवाब कोई भी अधिकारी नहीं दे रहा है। जानकारी के अनुसार ऊपरी दबाव के कारण काम रोक दिया गया। उल्लेखनीय है कि कई महीनों तक यहां पाइप लाइन डालने का काम बंद रहा और शुक्रवार को एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस जाब्ते की उपस्थिति में प्रोजेक्ट अधिकारियों ने पाइप लाइन डालने का काम शुरू किया था और एक दिन में 24 मीटर पाइप डाले थे।