राशनडीलरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार से शुरू हुई। संघ के सचिव माणक ढाका ने बताया कि राशन डीलर संघ ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लिखा है कि राशन डीलरों के लिए बधवा कमेटी की सिफारिशें लागू कर उन्हें राज्य कर्मचारी माना जाए और 20 हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाए। डीलरों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएगी, तब वे हड़ताल जारी रखेंगे।
Thursday, August 6, 2015
Friday, July 31, 2015
बूबना परिवार ने बनवाया धन्वन्तरि सदन
श्रीबुधगिरिजी की मढी स्थित कामधेनु गोशाला में बीमार दुर्घटनाग्रस्त गोवंश के इलाज के लिए बने धनवंतरि आरोग्य सदन का लोकार्पण गुरुवार को राजस्थान गोरक्षा समिति प्रदेशाध्यक्ष पीठाधीश्वर महंत दिनेशगिरि ने किया। पंकज बूबना, अशोक, दीपक और अश्विनी बूबना ने अपने पूर्वजों की स्मृति में सात लाख रुपए की लागत से यह आरोग्य सदन बनवाया है। इसमें बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त गायों के इलाज के लिए दवाइयों पंखों की व्यवस्था की गई है। महंत दिनेशगिरि ने कहा कि इस आरोग्य सदन में आसपास के क्षेत्र की बीमार एवं घायल गायों की देखभाल होगी। उन्होंने बूबना परिवार को साधुवाद देते हुए अन्य लोगों से गोवंश की रक्षा के लिए निरंतर काम करने का संदेश दिया। महंत ने जानकारी दी कि शीघ्र ही आरोग्य सदन में गो एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए प्रयास किए जाएंगे।
नयी सड़क का शिलान्यास
बुधगिरिजीकी मढ़ी के नीचे सड़क का शिलान्यास महंत दिनेशगिरि के सानिध्य में हुआ । इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि बुधगिरिजी की मढ़ी से धड़वा जोहड़ा तक सीमेंटेड सड़क बनाई जाएगी और सड़क का निर्माण इस प्रकार किया जाएगा कि सारा बरसाती पानी धड़वे जोहड़े में जाए। साथ ही धड़वा जोहड़ा क्षेत्र को पयर्टन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा।
दुर्घटना का सबब बनते खुले चैंबर
कस्बेके प्रमुख मार्गों में से एक बेसवा रोड पर अनेक स्थानों पर गंदे पानी के नालों के चैंबर खुले होने से लोग लगातार दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। पशु चिकित्सालय से लखीराम की धर्मशाला तक मैन रोड पर गंदे पानी के नालों के तीन चैंबर खुले हैं और दूसरे चैंबर भी क्षतिग्रस्त हैं। बरसात के दिनों में इस इलाके में भारी मात्रा में पानी जमा हो जाता है। इससे खुले चैंबर दिखाई नहीं देते और दुपहिया वाहन चालक, राहगीर और मवेशी आदि इनमें गिरती रहते हैं। यह रास्ता कस्बे को बेसवा, मुकुंदगढ़ आदि ग्रामीण क्षेत्र से जोड़ता है।
चैंबर खुले होने से ग्रामीण क्षेत्र पर चलने वाली निजी बसों ने अपना रास्ता बदल लिया है। बरसात में मस्जिद वजीर हाजी और सुभाष रासीसै स्कूल के आगे पानी और कीचड़ जमा हो जाता है। इससे राहगीरों के अलावा नमाजियों एवं विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मोहल्लेवालों का कहना है कि उन्होंने अनेक बार पालिका से खुले चैंबरों को बंद करने तथा पानी निकासी की स्थाई व्यवस्था करने के लिए कहा, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
तीन दिन से हो रही बरसात
तीन दिन से रिमझिम बरस रही फुहारों का दौर आज भी जारी है । नगर में आज भी दोपहर तक धूप-छांव के बाद बारिश का दौर चालू रहा । दोपहर बाद शुरू हुआ रिमझिम का दौर रात 2.30 बजे तक रुक-रुक कर रहा। यहां बारिश के बाद मुख्य रास्तों में पानी जमा हो गया। मौसम बदलने के साथ नमी बढ़ने से तापमान में भी एक डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार इलाके में तापमान स्थिर रहा। तीन दिन से हो रही वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कस्बे के सभी प्रमुख मार्गों पर पानी जमा हो गया। रोडवेज बस स्टैंड पर लगातार दूसरे दिन भी बरसाती पानी भरा होने से दुकानें बंद रही। इससे व्यापारियों सहित अन्य लोगों को भी परेशानी हुई। तहसीलदार ने बताया कि एक रात में 45 एमएम बरसात दर्ज की गई।
Monday, July 20, 2015
फतेहपुर आएगा हैरिटेज लुक में
फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, रामगढ़ शेखावाटी के रास्ते भी अब हैरिटेज लुक में दिखेंगे। 22 से 25 जुलाई तक जयपुर में होने वाली कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में टूरिज्म को लेकर कई फैसले हो सकते हैं। पर्यटन अधिकारी आनंद भारद्वाज ने बताया कि प्रस्ताव बनाकर जयपुर भेजे हैं। खाटूश्यामजी अब पर्यटन नगरी के तौर पर उभरेगा। मंदिर परिसर अब हैरिटेज लुक लेगा। पूरा मंदिर हैरिटेज लुकिंग लाइटों से जगमगाएगा। सांवरिया सेठ और बृज मंदिर की झलक भी यहीं देखने को मिल सकती है।
केंद्र सरकार ने धार्मिक सर्किट में खाटू मंदिर को शामिल किया है। राजस्थान के पर्यटन विभाग ने एक एजेंसी को पूरा प्रोजेक्ट बनाने की जिम्मेदारी दे दी है। बाबा के मुख्य मेले में हर साल 25 लाख श्रद्धालु आते हैं। पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक अजय शर्मा ने बताया कि खाटूश्यामजी मंदिर को भारत सरकार की धार्मिक सर्किट योजना में लिया गया है। उसके मुताबिक ही डवलपमेंट होगा।
ढांढण के प्राचार्य महिचा होंगे सम्मानित
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ढांढ़ण के प्राचार्य भागीरथमल महिचा को रविवार को दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। दिल्ली की संस्था द्वारा प्राचार्य महिचा को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए अभिप्रा समाजसेवा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा, कमला सिंघवी, शीला झुंझुनूंवाला सहित पैनल के अन्य सदस्यों ने महिचा का चयन किया है। रविवार को फिक्की आडिटोरियम दिल्ली में भारत सरकार के मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और डॉ. महेश शर्मा महिचा का सम्मान कर उन्हें 25 हजार रुपए प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे।
Subscribe to:
Posts (Atom)