शेखावाटी अंचल में बुधवार को कुछ स्थानों पर तेज बरसात हुई। सीकर शहर में
शाम पांच बजे के करीब आधे शहर में तेज बरसात हुई, सड़कों और
गलियों पर उमड़ते पानी ने एक बार तो सांसे ऊपर-नीचे कर दी। लेकिन फतेहपुर क्षेत्र में दिन भर धूल का
गुबार उड़ता रहा और उमस भरी गर्मी से लोगों का पसीना बहता रहा। दिनभर
धूप-छांव की स्थिति के बाद शाम को मौसम सुहावना हो गया। उधर लक्ष्मणगढ़ कस्बे के विद्यालयों में जलभराव की समस्या को देखते हुए जिला
प्रशासन ने यहां के विद्यालयों में गुरूवार का भी अवकाश घोषित किया है।
Friday, August 31, 2012
ब्राड गेज के लिए रेल परिवहन बंद
आजादी के 65 वर्ष बाद भी ब्रॉडगेज से महरूम सीकर व झुंझुनूं जिले के वर्षो पुराने सपनों को एक सितम्बर से पंख लग जाएगें। सीकर से लोहारू जाने वाले रेल मार्ग पर एक सितम्बर से ब्रॉडगेज अमान परिवर्तन के लिए ट्रेक बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद ट्रेक पूरी तरह से रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग के अधीन रहेगा। करीब आठ माह चलने वाले इस कार्य में मार्च माह के अंत तक ट्रेन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। ट्रेक बंद होने के बाद जयपुर से लोहारू जाने वाली सभी ट्रेनों को चूरू तक कर दिया गया है। इसके अलावा जयपुर से चूरू जाने वाली चार ट्रेनों को बंद कर दिया गया है। ब्रॉडगेज के दौरान जयपुर से झुंझुनूं, पिलानी जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने भी कमर कस ली है। निगम के सीकर, झंुझुनूं, श्रीमाधोपुर व जयपुर डिपो से करीब 50 अतिरिक्त बसें शुरू की जाएगी। इसी तरह निजी बस ऑपरेटर ने भी इस रूट पर 30 बसें शुरू करने की तैयारी कर ली है। हालांकि बसों में सफर में यात्रियों को तीन गुना अधिक किराया देना पड़ेगा।
Thursday, August 30, 2012
कृषि प्रशिक्षण शिविर आयोजित
भरतिया
कृषि विज्ञान केन्द्र पर दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में किसानों को खरीफ
फसलों से बचाव के गुर बताए गए। केन्द्राध्यक्ष डा.जुनैद अख्तर ने जानकारी
दी कि दो दिवसीय संस्थागत प्रशिक्षण में कृषकों को ख्ररीफ फसलों में
उत्पन्न घास तथा खरपतवारों का पशुओं के लिए चारा प्रबंधन, कीट एवं
रोग,उर्वरकों एवं रसायनों के प्रयोग आदि के बारे में बताया गया। शिविर में
गांव डोटासरा के 20 कृषकों ने भाग लिया।
Tuesday, August 28, 2012
भारी बारिश की चेतावनी
प्रदेश के हर भाग में हो रही भारी बारिश ने फतेहपुर में भी पूरी मेहरबानी बना रखी है । बीते हफ्ते रोज नगर वासियों को इन्द्र देव ने तर बतर किया । नजदीकी कई कस्बो के बाढ़ के भी हालात पैदा हो गए । फतेहपुर में भी शहर के निचले हिस्सों में काफी मात्रा में जल भराव की समस्या पैदा हुयी । प्रशासन अभी भी इस अनचाही और आकस्मिक आपदा से निपटने में खुद को अक्षम पा रहा है और समस्त सहायता उपाय ऊँट के मुह में जीरे के समान नजर आ रहे हैं उधर मौसम विभाग ने 28 व 29 अगस्त को जिले में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इसको देखते हुए आला अफसरों ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र व मुख्यालय में रहने का आदेश दिया है। ताकि तेज बारिश के शहर में उत्पन्न होने वाली स्थिति का निस्तारण किया जा सके।
भागवत कथा का आनंद उठाया
भोजकों के मोहल्ले में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में कथावाचक पं.नवीनचन्द्र शास्त्री वृंदावन ने देवहुति- कपिल संवाद, शुकदेव आगमन, कर्माबाई चरित, विदुर चरित्र आदि के बारे में बताया। इस दौरान कई श्रद्धालु मौजूद थे।
Thursday, August 23, 2012
अनवरत बारिश से बाढ़ के हालात
कल रात से चल रही अनवरत बारिश ने कसबे में बाढ़ के से हालात पैदा कर दिए है । मंगलवार को दिन भर थम थम कर बूंदाबांदी हो रही थी लेकिन रात को शुरू हुयी बारिश की झडी ने बुधवार को भी पूरे दिन अंचल वासियों को तर बतर किया । मंगलवार रात को शुरू हुयी बारिश बुधवार देर शाम तक कभी तेज कभी मंदी बरसती रही । बीते दो दिन हुयी बूंदाबांदी से निचले हिस्सों में वैसे ही पानी भरा हुआ था इस बारिश ने कोढ़ में खाज का काम किया और शहर के निचले हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए । पूरे दिन बिजली गुल रहने से पालिका प्रशासन को पम्पिंग के लिए भी जेनरेटर का सहारा लेना पडा । बावडी गेट व छतरिया स्टैंड लबालब होने से इस क्षेय्र का पानी दरगाह में भर गया और अंततः पानी दीवार तोड़ कर निकालना पडा । हमेशा प्रसुप्त अवस्था में रहने वाला पालिका प्रशासन इस बार मुस्तैद नजर आया और पानी की निकासी के लिए जी तोड़ प्रयास करता दिखा । नगर के कई हिस्सों में जर्जर मकान भी अनवरत बारिश से ढह गए, जिनका जायजा भी पालिका प्रशासन द्वारा लिया गया ।
Monday, August 20, 2012
भादी मावस ने लगाए जाम
भादी मावस के अवसर दादी के भक्तो की कतारों ने फतेहपुर के बाजारों में दिन भर जाम लगा दिए । हर साल की तरह इस साल भी मुंबई दिल्ली कोलकाता सूरत जैसे शहरों में रहने वाले नगर के व्यवसायी भादी मावस पर अपनी अपनी सती के मंदिरों में धोक लगाने आये हुए है । संकडे बाजारों में बेतरतीब और अनियंत्रित यातायात तथा अचानक बढी गाडियों की वजह से जगह जगह पूरे पूरे दिन जाम लगे नजर आ रहे है । गोली चूरण , केर सांगरी इत्यादि की दुकानों पर पूरे दिन ग्राहकों की कतार नजर आ रही है । सती मंदिरों की रौनक भी पलटी पलटी नजर आने लगी है ।
Subscribe to:
Posts (Atom)

