Monday, January 31, 2011

श्रीनाथ सेवा समिति का गठन

नव गठित श्रीनाथ सेवा समिति ने कल स्थानीय राजकीय धानुका अस्पताल मे रोगियों को  फलों का वितरण किया |  समिति के कई सदस्य तथा कार्यकर्ता अस्पताल में मौजूद थे | चुवास के श्री निश्चल नाथ जी के सान्निध्य मेन गठित इस समिति का उद्देश्य समाज में फैली कुरीतियों को दूर करना तथा गरीबों की मदद करना होगा | समिति के सदस्यों ने बताया की समिति गरीब बेटियों के विवाह में भी यथा संभव मदद करेगी |

चोरों का आतंक बरकरार

नगर में इस जाड़े में फैला चोरों का आतंक अब तक बरकरार है |कल रात फिर  ने फिर पुलिस को चुनौती देते हुए दो सूने मकानों को निशाना बना लिया। एक मकान में चोरी कर ली, जबकि दूसरे मकान में नाकाम रहे। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 भार्गवों का मोहल्ला निवासी सांवरमल भार्गव 24 जनवरी को अमृतसर गए थे। चोरों ने शनिवार रात उनके बंद मकान के दो कमरों में चोरी कर ली।

इसी तरह वार्ड नंबर 12 निवासी शिवदेव सर्राफ के बंद मकान का ताला तोड़ दिया, लेकिन कोई सामान चोरी नहीं कर सके। सुबह सांवरमल का मकान खुला पाकर पड़ोसियों ने मकान स्वामी और पुलिस को सूचना दी। मकान स्वामी के नहीं होने के कारण चोरी गए सामान का पता नहीं चल सका है। सांवरमल के बेटे जयंती ने यहां रहने वाले अपने परिजनों को फोन पर बताया कि चोरों ने जिस अलमारी से माल चोरी किया उसमें उसकी पत्नी के गहने और नकदी रखी थी। पुलिस का कहना है कि परिवार के लोगों के पहुंचने पर ही चोरी हुई रकम का आंकलन किया जा सकेगा। उल्लेखनीय है क़ि गत 3 माह में कस्बे में विभिन्न स्थानों पर करीब तीन दर्जन चोरी की वारदातें हो चुकी हैं जिनमें से पुलिस मात्र एक के आरोपियों का पता लगा पायी है  |

Sunday, January 30, 2011

ब्रॉडगेज के लिए प्रवासियों ने कमर कसी

इलाके में ब्रॉडगेज के लिए कोशिश कर रहे प्रवासी भी मुहिम को और तेज करने की कवायद में जुट गए हैं। खासतौर से कोलकाता के मारवाड़ी संगठनों ने रेल मंत्री ममता बनर्जी से व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात करने की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव को लेकर शुरू हो रही गतिविधियों के बीच प्रवासी संगठनों के प्रतिनिधि इसे ब्रॉडगेज को प्रमुखता से रखने की सोच रहे हैं।

मूलत: फतेहपुर के रहने वाले दिनेश बजाज पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के विधायक हैं। वे कहते हैं कि बेशक शेखावाटी में ब्रॉडगेज जरूरी है। रेल बजट से पहले एक बार रेलमंत्री ममता बनर्जी के सामने पूरी स्थिति रखने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए वे पहले ब्रॉडगेज प्रोजेक्ट किस स्थिति में इसकी जानकारी जुटाएंगे और फिर पूरी रिपोर्ट रेलमंत्री के सामने रखकर इसे आगे बढ़ाने की गुजारिश की जाएगी। इनके अलावा कोलकाता नागरिक परिषद लंबे समय से ब्रॉडगेज को लेकर चिट्ठी- पत्र लिखकर मांग करते रहे हैं।

Saturday, January 29, 2011

औपचारिक हुआ कैरी बैग्स प्रतिबंध

राज्य सरकार ने प्लास्टिक कैरी बैग्स प्रतिबंध कानून को एक अगस्त से सख्त रूप से लागू किया था। शुरू में कैरी बैग्स इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार कलेक्टर व मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी को दिया गया। बाद में पर्यावरण मंत्रालय ने एसडीएम स्तर के अधिकारियों को भी अधिकार दिए। आरंभिक समय में इसका असर भी दिखा। नियमानुसार जो भी कैरी बैग्स का उत्पादन, भंडारण या इस्तेमाल करता है उस पर एक लाख रुपए जुर्माना एवं पांच साल की कैद का प्रावधान है।
प्लास्टिक कैरी बैग्स प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए गुप्त सूचना के आधार पर प्रदूषण नियंत्रण मंडल की छापेमार कार्रवाई औपचारिकता तक सिमट गई है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने पिछले माह क्षेत्रीय अधिकारियों को जनवरी के पहले सप्ताह में सख्त कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए थे, लेकिन उन्होंने एक दो जगह कार्रवाई के साथ ही इति श्री कर ली। कार्रवाई भी नोटिस तक सीमित रही। क्षेत्रीय अधिकारी के अधीन सीकर के साथ झुंझुनूं व चूरू जिले भी आते हैं, लेकिन ऐसा कोई शहर, कस्बा या गांव नहीं, जहां कैरी बैग्स प्रतिबंध कानून का किसी में ख़ौफ़ हो। अधिकारी कहते हैं कि राजस्थान में उत्पादन पर पूरी तरह रोक लग चुकी है, लेकिन व्यापारी दिल्ली, हरियाणा आदि से कैरी बैग्स ला रहे हैं। यानी कि सब कुछ जानते हुए भी अधिकारी बाहर से आयात होते कैरी बैग्स को रोकने में सफल नहीं हो रहे हैं। प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी केसी गुप्ता का कहना है कि कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी।

62 वां गणतंत्र दिवस मनाया

नगर में 62वां गणतंत्र दिवस अत्यंत जोश खरोश के साथ उत्साह पूर्वक मनाया गया | एसडीएम, तहसील और उपकोष कार्यालय का सामूहिक समारोह एसडीएम कार्यालय के सामने मनाया गया। एसडीएम फतेह मोहम्मद खान ने झडारोहण किया। मुख्य समारोह नगरपालिका द्वारा सूर्यमंडल में एसडीएम फतेह मोहम्मद खान की अध्यक्षता में मनाया गया। समारोह में विबिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ऩे देशप्रेम से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां दी | विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों को भी उत्सव में मुख्य अतिथि तथा अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया |समारोह में आला सरकारी अधिकारियों के अलावा भारी जन समूह भी मौजूद था विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में भी गणतंत्र दिवस मनाया गया।

शेखावाटी में मल्टीप्लेक्स संस्कृति की दस्तक


अब महानगरों की तरह शेखावाटी के बाशिंदे भी मल्टीप्लेक्स में मूवी , मस्ती और शोपिंग का मजा एक ही छत के नीचे उठा सकेंगे | सीकर में रानीसतीरोड स्थित शेखावाटी के पहले सिनेमॉल और मल्टीप्लेक्स बायोस्कोप का उद्घाटन गुरुवार को उद्योग मंत्री राजेंद्र पारीक ने किया।अब हर शुक्रवार को रिलीज होने वाली मूवी शहर के लोग मेट्रो सिटी की तर्ज पर देख सकेंगे और दो बड़ी स्क्रीन पर मूवी का मजा ले पाएंगे। सिनेमॉल में शाम को पहले शो में मूवी देखने वाले शहर के लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। हर कोई मूवी देखने के बदलते हुए अंदाज को करीब से देखने को बेताब था। युवा, महिलाएं और बच्चे, सभी के चेहरों पर मल्टीप्लेक्स की चमक खुशी के तौर पर देखने को मिली। बायोस्कोप के नाम से शुरू किया गया यह मल्टीप्लेक्स एस्सेल गु्रप का हिस्सा है। सिनेमॉल में हर दिन दस शो चलेंगे। खास यह भी है कि इसमें 573 दर्शक एक साथ मूवी का मजा ले सकेंगे। उद्घाटन में नगर परिषद की सभापति सलमा शेख, एसपी डा. गिर्राज मीणा व कार्यवाहक कलेक्टर बासुदेव शर्मा भी मौजूद थे। इस अवसर पर एक्सल ग्रुप के एमडी गगन गोयल, डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट सेल्स एंड मार्केटिंग विनय यादव भी रहे। मैनेजर उज्जवल श्रीवास्तव ने बताया कि बायोस्कॉप शहर के लोगों को बदलते दौर में मूवी देखने और शॉपिंग के नए अंदाज से रूबरू कराएगा। उम्मीद है कि शहर के लोगों को सिनेमा का नया रूप पसंद आएगा। जल्द ही शॉपिंग की शो भी शुरू कर दी जाएगी, जिसमें बड़ी-बड़ी कंपनियों के ब्रांड एक ही छत के नीचे मिल सकेंगे।

Monday, January 24, 2011

पोलियो की दवा पिलाई

धानुका राजकीय अस्पताल में विधायक भंवरू खां ने दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर डिप्टी सीएमएचओ डा. निर्मलसिंह, धानुका अस्प्ताल प्रभारी डा. निर्मला खींचड़, डा. राजेंद्र महिचा, डा. विनोद थालोड़, डा. सुभाष महला आदि उपस्थित थे। आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी दवा पिलाई गई। अभियान को लेकर सरकारी स्कूलों, सार्वजनिक  स्थानों, बस स्टैंड तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. निर्मलसिंह ने बताया क्षेत्र में 410 बूथों पर सात मोबाइल बूथों के सहयोग से 81. 1 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया।