Thursday, April 28, 2016

अस्पताल में अव्यवस्थाओं का आलम


धानुकाराजकीय अस्पताल में मेडिकल रिलीफ सोसायटी की बैठक में अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर विधायक नंदकिशोर महरिया और एसडीएम पुष्करराज शर्मा ने गहरी नाराजगी जताई। 
विधायक को बताया गया कि छह माह से एनेलाइजर खराब है। एक्सरे मशीन, ईसीजी मशीन और जनरेटर आदि खराब हैं तो विधायक ने चेतावनी दी कि 15 दिन में सुधरवाओ। कहा कि रामगढ़ में सिर्फ चार डाॅक्टर हैं, जबकि धानुुका में 15 डाॅक्टर हैं अौर फतेहपुर से छोटा अस्पताल है फिर भी वहां का आउटडोर अधिक है, यह अस्पताल की अव्यवस्थाओं का नतीजा है। एसडीएम पुष्करराज शर्मा ने कहा एमआरएस में पैसे हैं फिर भी मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में खर्च नहीं हो रहे हैं तो पैसे किस काम के हैं। उन्होंने अस्पताल प्रभारी डाॅ. निर्मल खीचड़ को निर्देश दिए कि वे 15 दिन में कर्मचारियों के साथ बैठक करें और अस्पताल की व्यवस्थाआें पर रिपोर्ट अगली एमआरएस बैठक में पेश करें। इस बात पर उन्होंने लताड़ लगाई कि अस्पताल में रखरखाव की कोई व्यवस्था नहीं है। सब अपनी मर्जी से काम कर रहे हैं। एसडीएम और विधायक ने बीसीएमओ डाॅ. दिलीप कुलहरी और अस्पताल प्रभारी डाॅ. निर्मल खीचड़ को समन्वय के साथ काम करने को कहा। 
एक्सरे मशीन खराब और मोबाइल एक्सरे का उपयोग नहीं : अस्पतालमें एक्सरे मशीन खराब है और लोग परेशान हो रहे हैं, जबकि ट्रोमा सेंटर में मोबाइल एक्सरे मशीन है, उसका एक बार भी उपयोग नहीं हुआ। विधायक ने कहा कि ट्रोमा सेंटर से मोबाइल एक्सरे लाकर जनता को सुविधा दें। महरिया ने अस्पताल प्रभारी को नियमित ड्यूटी चार्ट लगाने को कहा। विधायक महरिया ने कहा कि अस्पताल के अधिकार में धर्मशाला भी है तो उन्हें बताया गया कि अस्पताल के सामने ही धानुका परिवार की बनाई हुई धर्मशाला है। उन्होंने धर्मशाला के बाहर बनी दुकानों को खाली करवाया जाए या उनसे किराया वसूल किया जाए। 

Tuesday, April 26, 2016

तिहावली में गीता ज्ञान महायज्ञ

ग्रामतिहावली में रविवार से गीता ज्ञान महायज्ञ शुरू हुआ। सात दिवसीय कथा के पहले दिन करणी मात मंदिर से राम मंदिर तक शोभायात्रा निकाली गई। कथा स्थल राम मंदिर में कथावाचक मोहननाथ ने कहा कि गीता जीवन के व्यावहारिक ज्ञान का ग्रंथ है। अनेक लोग कथा में शामिल हुए। 

Monday, April 25, 2016

आम रास्ते से हटाया अतिक्रमण

नसरी में गिरदावर, पटवारी आदि ने आम रास्ते की भूमि पर ग्रामीणों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया। ग्राम उदनसरी के लोगों ने तहसीलदार के समक्ष शिकायत की थी कि कुछ लोगों द्वारा गांव में राजकीय भूमि के बड़े भाग पर कब्जा कर रखा है। तहसीलदार कपिल उपाध्याय के निर्देश पर गिरदावर ने पुलिस जाब्ता लेकर सिवायचक भूमि से जेसीबी मशीन द्वारा अतिक्रमण हटाया। ग्रामीणों ने गांव में राजकीय भूमि पर पत्थर, गोबर, कचरा अादि डाल कर कब्जा कर रखा था। अतिक्रमण हटाकर लोगों को निर्देश दिए गए कि भविष्य में वे पुन: अतिक्रमण करने की कोशिश नहीं करें।  

ढुलमुल पशु चिकित्सा सेवा ने बढ़ाई किसानो की परेशानी

ब्लाॅक में पशु चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह से लड़खड़ा गई है। पशुधन पर ग्रामीणों का पूरा गणित टिका है और शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सकों, पशुधन सहायकोंं, पशुधन सहचर व सफाईकर्मियों के पद खाली होने से ग्रामीणों को अपने पशुधन के लिए चिकित्सा सेवा नहीं मिल रही है। उन्हें अपने पशुओं के इलाज के लिए निजी डाॅक्टरों पर निर्भर रहना पड़ता है जो बेहद खर्चीला होता है।अधिकांश स्थानों पर समुचित व्यवस्था नहीं होने से राज्य सरकार की निशुल्क योेजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है। दैनिक भास्कर ने पूरे ब्लाॅक के पशु चिकित्सालयों और सबसेंटर के हालात जाने तो गंभीर स्थिति सामने आई।
कस्बे में खुद का भवन नहीं है। राज्य सरकार द्वारा पशु चिकित्सालय भवन के लिए भूमि चिह्नित नहीं होने पर 2010 में तत्कालीन विधायक भंवरू खां द्वारा विधायक कोटे से दिए गए पांच लाख की राशि लैप्स हो गई। कस्बे में पशु चिकित्सालय धर्मशाला में चल रहा है। रोडवेज बस स्टैंड पर होने से इस धर्मशाला पर भी भूमाफिया की नजर है। राजकीय लापरवाही से पशु चिकित्सालय के आधे हिस्से पर कब्जा हो गया। पशु चिकित्साधिकारी को बाकी बचे हिस्से को बचाने के लिए एसीजेएम कोर्ट फतेहपुर में तारीख पेशियों पर चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।भूमि स्वामित्व से संबंधित मुकदमे एसीजेएम कोर्ट फतेहपुर में लंबित चल रहे हैं। रोडवेज बस स्टैंड पर बरसात में पानी भराव की समस्या होने से बरसात में पशु चिकित्सालय में पानी भर जाता है। दवाइयां व स्टाॅक आदि खराब हो जाता है। यहां वेटरनरी सहायक की पोस्ट आठ साल से खाली है। 

Thursday, April 21, 2016

लोकसेवा आयोग अध्यक्ष ने की हवेलियों की सराहना

 राजस्थानलोकसेवा आयोग अध्यक्ष ललित पंवार ने मंगलवार को कस्बे की हवेलियों का अवलोकन किया। तहसीलदार कपिल उपाध्याय के साथ उन्होंने नादीन ली प्रिंस हवेली, सिंघनियां हवेली, गोयनका हवेली, सिंघनिया छतरी आदि देखी तथा इनमें समाहित भित्तिचित्रों का अवलोकन कर सराहना की। उन्होंने तहसीलदार कपिल उपाध्याय से कहा कि पालिका से मिलकर पर्यटन स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था सही करें। विरासत संरक्षण संगठन के सदस्यों ने उन्हें संगठन द्वारा विरासत संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। 

Wednesday, April 20, 2016

किसान मेले में 350 ने लिया भाग

भरतियाकृषि विज्ञान केंद्र पर किसान मेला लगा। मुख्य अतिथि विधायक नंदकिशोर महरिया ने कहा कि अब कृषक कम प्रीमियम पर फसलों का बीमा करवा सकेंगे तथा फसल के नुकसान का आकलन भी जीपीएस माध्यम से होगा। निदेशक प्रसार जोबनेर डाॅ. एनके शर्मा ने योजनाओं का लाभ लेने को कहा। 
संयुक्त निदेशक कृषि विभाग ने योजनाओं की जानकारी दी। डाॅ. जुनैद अख्तर ने कृषि विज्ञान केंद्र की योजनाओं के बारे में बताया। मेले में कृषि विज्ञान केंद्र आबूसर झुंझुनूं और चांदगोठी, कोहिनूर इंडस्ट्रीज सीकर, मल्टीप्लेक्स कर्नाटक एग्रो केमिकल, रिवोलिस इरिगेशन, इफको सीकर, भेड़ प्रजनन फार्म, कृषि विज्ञान केंद्र फतेहपुर द्वारा प्रदर्शनियां लगाई गई। मेले में 350 कृषकों ने भाग लिया। 

Tuesday, April 19, 2016

महावीर जयन्ती पर प्रभात फेरी

भगवान महावीरस्वामी की जयंती पर मंगलवार को जैन समाज द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा अन्य कार्यक्रम होंगे।  मंगलवार सुबह सात बजे जैन धर्मावलंबियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा नए जैन भवन में भगवान महावीर स्वामी के आदर्शों और जीवन चरित्र पर संगोष्ठी तथा अन्य कार्यक्रम होंगे।