Friday, March 23, 2012

वृद्ध दंपत्ति को बैंक मे चूना लगाया

कस्बे के पंजाब नेशनल बैंक में बुधवार एक शातिर ठग नकली नोट चैक करने के बहाने बुजुर्ग दंपति के 30 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। आरोपी ने बुजुर्ग दंपति को बातों में उलझा लिया और ध्यान हटते ही पैसे लेकर फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद चाही लेकिन फुटेज नहीं मिल पाई । जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 12 मुगलों का मोहल्ला वार्ड 28 निवासी मुख्त्यार मिरासी(75) व उसकी पत्नी उम्मेद बानो सिकरिया चौरस्ता स्थित पीएनबी शाखा में पैसे निकलवाने आए। उन्होंने अपने खाते से 79 हजार रुपए निकलवाए और कैशियर से लेने के बाद बैंक फेसिलेटर्स से गिनवा भी लिए। तभी वहां बैठे एक व्यक्ति ने वर्तमान में नकली नोटों का प्रचलन ज्यादा होने की बात कहते हुए रुपए चैक कर लेने की बात कही। इस पर वृद्ध दंपति ने उसे नोट चैक करने के लिए दे दिए। इसके बाद उसने महिला को पांच नोट निकालकर दिए और नकली बताते हुए बदलवाने की सलाह दी। कुछ पैसे उसने महिला के पति को दे दिए और 30 हजार रुपए लेकर फरार हो गया।सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके में छानबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया।

मतदाता पहचान पत्र के लिए वीडियोग्राफी प्रारंभ

विधानसभा क्षेत्र में वीडियोग्राफी आगामी 21 एवं 22 को होगी। एसडीएम एफएम खान ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अवशेष रहे मतदाताओं के मतदाता फोटो पहचान पत्र बनाने हेतु वीडियोग्राफी 21 एवं 22 मार्च को एसडीएम कार्यालय में होगी। लक्ष्मणगढ़. विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ लेवल अधिकारियों के पहचान पत्र 23 मार्च को बनाए जाएंगे। पंचायत समिति सभागार में आयोजित बीएलओ की बैठक के दौरान पहचान पत्र बनाए जाएंगे जाएंगे। इसी दिन मतदाता पहचान पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।

साइकिल से विश्व यात्रा पर निकले विकलांग लिण्डोन

यदि मनुष्य में दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो विकलांगता भी आड़े नहीं आती। इसी को चरितार्थ किया है बेल्जियम के 50 वर्षीय लुडो लिंडोन ने। दुर्घटना में घुटने के नीचे से एक पैर गंवाने वाले लिंडोन विश्व शांति का संदेश देने साइकिल पर दुनिया का भ्रमण कर रहे हैं। रविवार को फतेहपुर पहुंचे लिंडोन का कहना है कि मनुष्य मन में ठान ले तो विकलांगता भी उसके लक्ष्य में रुकावट नहीं बन सकती।
दो अप्रैल 2011 को बेल्जियम के हैचटल शहर से साइकिल पर विश्व की यात्रा शुरू करने वाले लिंडोन की यात्रा का समापन दो अप्रैल 2015 को होगा। अब तक वे हालैंड, जर्मनी, आस्ट्रिया, स्वीट्जरलैंड, इटली, ग्रीस, टर्की, ईरान, शारजाह व श्रीलंका की यात्रा कर चुके हैं। वे विकलांग एथलेटिक्स तथा तीन ओलिंपिक में भाग लेने के अलावा कनाडा में हुई व्हील चेयर बास्केटबाल प्रतियोगिता में भी अपने जौहर दिखा चुके हैं। लूडो लिन्डोन का मानना है कि शारीरिक विकलांगता ईश्वरप्रदत्त है, परंतु मानसिक विकलांगता मनुष्य की स्वयं की देन है। फतेहपुर आने पर नादीन ली प्रिंस हवेली में नादीन ली प्रिंस, अनूप ढंड, विमल भारद्वाज आदि ने लिंडोन का स्वागत किया। लिन्डोन ने कहा कि ईश्वर की कृपा से उन्हें अब तक यात्रा में किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

Saturday, March 17, 2012

एक मंच पर नजर आए भाजपा कांग्रेस

कस्बे के सर्वांगीण विकास के लिए रविवार को पूर्व विधायक बीएल भिंडा तथा विधायक भवरूं खां एक जाजम पर नजर आए। दोनों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठते हुए साथ मिलकर कस्बे के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दर्शायी। रविवार को सरस्वती पुस्तकालय में पूर्व विधायक बीएल भिंडा द्वारा कस्बे के बुद्धिजीवियों की बैठक बुलाई गई। इसकी अध्यक्षता भामाशाह रतन जालान ने की। मुख्य अतिथि विधायक भवरूं खां थे। भिंडा ने कहा कि जो समाज, राष्ट्र के लिए कार्य करे उसी का जीवन सार्थक है। अत: हमें मिल बैठकर कस्बे के विकास के लिए कार्य करना चाहिए।
विधायक भवरूं खां ने कहा कि विकास के लिए वे अपना पूर्ण योगदान देंगे। सरकारी स्तर पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में कस्बे के सभी वर्गों एवं सभी समाज के लोगों ने भाग लिया। दयाराम महरिया, प्रो.चेतन स्वामी, माणक सोनी आदि ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान कस्बे के पुरा इतिहास पर शोध, फतेहपुर स्थापना दिवस मनाने, सुदूर प्रांतों और विदेश में रहने वाले अप्रवासियों को कस्बे के विकास से जुडऩे, उनके पुरखों की मातृभूमि पर उन्हें सम्मानित करने आदि विषयों पर चर्चा की गई। 

सिलेंडर फटे

शहर में रसोई गैस के घरेलू सिलेंडरों से अवैध रूप से गाडिय़ों में गैस भरते समय मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग से दो कार, एक बाइक व एक ऊंटगाड़ी जल गई और दो लोग घायल हो गए। मौके से रसोई गैस के सात घरेलू सिलेंडर मिले हैं, जिनमें से चार खाली थे और तीन भरे हुए जो फट गए। आग की लपटें और धमाका इतना तेज था कि दुकानों की छत फट गई। सूचना पर मौके पर पहुंची सीकर व फतेहपुर की दमकलों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक एनएच 11 पर रघुनाथपुरा स्टैंड स्थित भार्गव मोटर वक्र्स के पास सुरेन्द्र सिंह मांडेला-वाला की दुकान में कार में अवैध रूप से घरेलू सिलेंडरों से गैस की रीफिलिंग की जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे अचानक टंकी फट गई और आग लग गई। जिसमें मांडेला निवासी राजू सिंह (25) व ढांढण निवासी रघुवीर सिंह (30) झुलस गए। धमाके से दुकान में रखे अन्य घरेलू सिलेंडर भी फट गए और पास ही स्थित टायर की दुकान में भी आग लग गई। कुछ ही देर में आग फैल गई और आसपास की दुकानों को चपेट में ले लिया। सूचना पर एसडीएम एफएम खान, डीएसपी रजनीश पूनियां व शहर कोतवाल तेजपाल सिंह व पालिकाध्यक्ष मधुसूदन भिण्डा मौके पर पहुंचे और नगर पालिका की दमकल के साथ ही निजी टैंकरों की व्यवस्था करवाई। उसके बाद सीकर से भी दमकल बुलवाई गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की भयानकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दुकान के शटर उड़ कर सड़क पर आ गए और दो दुकानों की छत टूट गई। धमाके के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और आसपास के इलाके में अफरा तफरी का माहौल हो गया। पुलिस ने मौके से पांच खाली व तीन फटे हुए सिलेंडर बरामद किए हैं।

फ़तेहपुर की बेटी ने फिर नाम किया रोशन

शेखावाटी की बेटी ने एक बार फिर क्षेत्र का मान बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने वालों की सूची में स्थान पाया है। मुसरत दाऊद पीनारा को लोरेल पेरिस एवं फेमिना वूमन अवार्ड 2012 के लिए चयनित किया गया है। अमाना एज्यूकेशन सोसायटी के श्रीराम थालोड़ ने बताया कि उनका चयन शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर हुआ है। इस सम्मान के साथ ही मुसरत देश की अति विशिष्ट महिलाओं की श्रेणी में आ गई है। यह सम्मान उन्हें 22 मार्च को आईटीसीएल होटल मुंबई में दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यहां की मूल निवासी मुसरत दाऊद पीनारा दुबई में स्टूडेंट गजट नामक पत्रिका निकालती हैं। साथ ही अपने टेडकस कार्यक्रम और डीएचपी फाउंडेशन के जरिये महिलाओं के लिए बेहतरीन तालीम, कम्प्यूटर शिक्षा, लीडरशिप आदि पर कार्य कर रही हैं।

कलश यात्रा निकाली

गांव नबीपुरा में रविवार को मूर्ति स्थापना के अवसर पर कलश यात्रा निकाली गई। गोगामेड़ी मंदिर में रामसा पीर की मूर्ति स्थापित की गई। इस अवसर पर पुजारी भगवानाराम के सानिध्य में हवन किया गया। कार्यक्रम में अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।