Monday, August 22, 2011

यूनिक आईडी बनाने शुरू

यूनिक आईडी कार्ड बनाने का उद्घाटन रविवार को एसडीएम ने किया। स्थानीय इंचार्ज मोहसीन काजी ने बताया कि श्रीकृष्ण रामावि में एसडीएम एफएम खान और तहसीलदार सज्जनसिंह शेखावत ने यूनिक आईडी कार्ड बनाने के कार्य का उद्घाटन किया और स्वयं की आईडी बनवाने के लिए कम्प्यूटर पर अंगुलियों के निशान और आंखों की फोटाग्राफी करवाई। इस अवसर पर पूर्व पालिका उपाध्यक्ष शौकत पीर, बाबूपीर, अंबर फतेहपुर सहित कई लोग उपस्थित थे। पहले दिन ३०० लोगों ने आईडी कार्ड बनवाने के लिए फोटोग्राफी करवाई। राशिद आस्कान ने बताया कि कस्बे में चार मशीनें श्रीकृष्ण पाठशाला और एक मशीन नगरपालिका में लगाई गई है। आईकार्ड बनवाने के लिए व्यक्ति फोटो और एडे्रस प्रूफ से संबंधित दस्तावेजात साथ लेकर आएं। आठ वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति आईकार्ड बनवा सकता है।

Saturday, August 20, 2011

अन्ना मय हुआ फतेहपुर

शुक्रवार को अन्ना हजारे के समर्थन में कस्बा पूरी तरह बंद रहा। मेडिकल स्टोर भी पूरी तरह से बंद रहे। हालांकि उन्हें बंद से मुक्त रखा गया था, परंतु उन्होंने स्वप्रेरणा से दुकानें बंद रखी। चाय की दुकानें, सब्जी के ठेले आदि भी बंद रहे। लोगों ने अपनी मर्जी से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। बिना किसी राजनैतिक दल और सामाजिक संगठन के किया गया बंद पूरी तरह से सफल रहा। बंद का आह्वान फतेहपुर सिविल सोसायटी द्वारा किया गया। जिसका गठन मात्र २४ घंटे पहले किया गया। बंद समर्थकों ने मुख्य बाजार में आम सभा की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कस्बे में मोटरसाइकिल रैली निकाली और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। वकीलों ने रखा कार्य स्थगित : अभिभाषक संघ के प्रवक्ता एडवोकेट महीपालसिंह मूंड ने बताया कि बार अध्यक्ष एडवोकेट रघुनाथसिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में वकीलों ने आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को कार्य स्थगित रखा।

खेती में तकनीक के प्रयोग पर चर्चा

आत्मा परियोजना के तहत दो दिवसीय कृषक वैज्ञानिक संवाद का उद्घाटन कृषि वैज्ञानिक केन्द्र पर बुधवार को जिला प्रमुख रीटासिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक कृषि केसी मीणा ने की। मुख्य अतिथि जिला प्रमुख रीटासिंह और विशिष्ट अतिथि जिप सीकर की विकास एवं उत्पादन समिति के अध्यक्ष बीएल पिलानियां थे। संयोजक भगवानसहाय यादव ने आत्मा परियोजना और कृषक वैज्ञानिक संवाद के बारे में जानकारी दी। जिला प्रमुख रीटासिंह ने वैज्ञानिकों से आह्वान किया कि वे ऐसी तकनीकी ईजाद करें, जिससें किसान कम खर्चे पर उत्पादन कर सकें और हाईटेक वैज्ञानिक विधियों का उपयोग कृषि के लिए कर सकें। संयुक्त निदेशक कृषि केसी मीणा ने कृषि विभाग द्वारा किसानों के हित में चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। शिविर में कृषि अनुसंधान अधिकारी हरदेवसिंह बाजिया, वैज्ञानिक डा. चोखाराम, सहित 50 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।

Monday, August 15, 2011

शंकर गिरि जी की पुण्य तिथि मनाई

श्री बुधगीरी जी की मढ़ी फतेहपुर परम पूज्य गुरुदेव शंकर गिरि जी महाराज की १५ वी पुण्य तिथि मनाई गई इस अवसर पर महाराज के शिष्य महंत श्री दिनेशगीरी जी महाराज ने विधि विधान से समाधी का पूजन किया तथा प्रसादी बाटीगई इस अवसर पर शिवमठ गाडोदा धाम के महंत श्री गुलाब जती जी महाराज भी पधारे तथा मढ़ी पर चल रहे सावन मास का अनुष्ठान विधि पूर्वक संपन्न किया गया



नगर में हिंडोलो की धूम

कस्बे के विभिन्न मंदिरों में चल रहे सावन के हिंडोलों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में भगवान की प्रतिदिन भव्य झांकी सजायी जा रही है। साथ ही मंदिर सभागार में भी विभिन्न झांकियों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। श्री जानकीवल्लभ मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, आसाराम मंदिर, बद्रीनारायण मंदिर सहित सभी मंदिरों में भव्य सजावट की गई। चमडिय़ा कॉलेज में मोटरवोट झरना दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां छोटे-बड़े झूलों पर बच्चोंं व महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। 
 

Wednesday, August 10, 2011

अणुव्रत शिक्षक संसद का जिला सम्मेलन

 राष्ट्रीय अणुव्रत शिक्षक संसद संस्थान सीकर का जिला सम्मेलन बुधवार को होगा। अहिंसा प्रशिक्षक सतीश शांडिल्य ने बताया कि राष्ट्रीय अणुव्रत शिक्षक संसद संस्थान राजसमंद द्वारा व्यसनमुक्ति के लिए निकाली गई यात्रा बुधवार को फतेहपुर पहुंचेगी। इस अवसर पर जालान आदर्श विद्यामंदिर में संस्थान का जिला सम्मेलन होगा। अध्यक्षता तहसीलदार सज्जनसिंह शेखावत करेंगे। राष्ट्रपति एवं अहिंसा पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद डॉ. हीरालाल श्रीमाली मुख्य अतिथि व पालिकाध्यक्ष मधु भिंडा, उपाध्यक्ष कैलाश मिश्रा, प्राचार्य जगदीश प्रसाद शर्मा, पूर्व पार्षद माणकचंद सोनी, अंबर फतेहपुरी विशिष्ट अतिथि होंगे। शिक्षाविद सांवर शर्मा प्रमुख वक्ता होंगे।

जाखड़ बने लायन क्लब के जोन चेयरमैन

ओमप्रकाश जाखड़ को लायन क्लब का जोन चेयरमैन बनाया गया है। स्थानीय लायन क्लब अध्यक्ष अख्तर हुसैन ने बताया कि जाखड़ को लायन क्लब के जोन-२ रीजन-४ का जोन चेयरमैन बनाया गया है। बिड़ला ऑडिटोरियम जयपुर में प्रांतपाल शशि गोयल ने जाखड़ को शपथ दिलवाई। इस अवसर पर रामगढ़ शेखावाटी में नया क्लब बनाने की जानकारी प्रांतपाल को दी गई। अनवर अली परिहार, अख्तर हुसैन, बीपी क्याल व एडवोकेट योगेश पाराशर सहित अनेक क्लब सदस्यों ने शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया।