Monday, April 25, 2016

ढुलमुल पशु चिकित्सा सेवा ने बढ़ाई किसानो की परेशानी

ब्लाॅक में पशु चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह से लड़खड़ा गई है। पशुधन पर ग्रामीणों का पूरा गणित टिका है और शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सकों, पशुधन सहायकोंं, पशुधन सहचर व सफाईकर्मियों के पद खाली होने से ग्रामीणों को अपने पशुधन के लिए चिकित्सा सेवा नहीं मिल रही है। उन्हें अपने पशुओं के इलाज के लिए निजी डाॅक्टरों पर निर्भर रहना पड़ता है जो बेहद खर्चीला होता है।अधिकांश स्थानों पर समुचित व्यवस्था नहीं होने से राज्य सरकार की निशुल्क योेजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों को नहीं मिल रहा है। दैनिक भास्कर ने पूरे ब्लाॅक के पशु चिकित्सालयों और सबसेंटर के हालात जाने तो गंभीर स्थिति सामने आई।
कस्बे में खुद का भवन नहीं है। राज्य सरकार द्वारा पशु चिकित्सालय भवन के लिए भूमि चिह्नित नहीं होने पर 2010 में तत्कालीन विधायक भंवरू खां द्वारा विधायक कोटे से दिए गए पांच लाख की राशि लैप्स हो गई। कस्बे में पशु चिकित्सालय धर्मशाला में चल रहा है। रोडवेज बस स्टैंड पर होने से इस धर्मशाला पर भी भूमाफिया की नजर है। राजकीय लापरवाही से पशु चिकित्सालय के आधे हिस्से पर कब्जा हो गया। पशु चिकित्साधिकारी को बाकी बचे हिस्से को बचाने के लिए एसीजेएम कोर्ट फतेहपुर में तारीख पेशियों पर चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।भूमि स्वामित्व से संबंधित मुकदमे एसीजेएम कोर्ट फतेहपुर में लंबित चल रहे हैं। रोडवेज बस स्टैंड पर बरसात में पानी भराव की समस्या होने से बरसात में पशु चिकित्सालय में पानी भर जाता है। दवाइयां व स्टाॅक आदि खराब हो जाता है। यहां वेटरनरी सहायक की पोस्ट आठ साल से खाली है। 

Thursday, April 21, 2016

लोकसेवा आयोग अध्यक्ष ने की हवेलियों की सराहना

 राजस्थानलोकसेवा आयोग अध्यक्ष ललित पंवार ने मंगलवार को कस्बे की हवेलियों का अवलोकन किया। तहसीलदार कपिल उपाध्याय के साथ उन्होंने नादीन ली प्रिंस हवेली, सिंघनियां हवेली, गोयनका हवेली, सिंघनिया छतरी आदि देखी तथा इनमें समाहित भित्तिचित्रों का अवलोकन कर सराहना की। उन्होंने तहसीलदार कपिल उपाध्याय से कहा कि पालिका से मिलकर पर्यटन स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था सही करें। विरासत संरक्षण संगठन के सदस्यों ने उन्हें संगठन द्वारा विरासत संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। 

Wednesday, April 20, 2016

किसान मेले में 350 ने लिया भाग

भरतियाकृषि विज्ञान केंद्र पर किसान मेला लगा। मुख्य अतिथि विधायक नंदकिशोर महरिया ने कहा कि अब कृषक कम प्रीमियम पर फसलों का बीमा करवा सकेंगे तथा फसल के नुकसान का आकलन भी जीपीएस माध्यम से होगा। निदेशक प्रसार जोबनेर डाॅ. एनके शर्मा ने योजनाओं का लाभ लेने को कहा। 
संयुक्त निदेशक कृषि विभाग ने योजनाओं की जानकारी दी। डाॅ. जुनैद अख्तर ने कृषि विज्ञान केंद्र की योजनाओं के बारे में बताया। मेले में कृषि विज्ञान केंद्र आबूसर झुंझुनूं और चांदगोठी, कोहिनूर इंडस्ट्रीज सीकर, मल्टीप्लेक्स कर्नाटक एग्रो केमिकल, रिवोलिस इरिगेशन, इफको सीकर, भेड़ प्रजनन फार्म, कृषि विज्ञान केंद्र फतेहपुर द्वारा प्रदर्शनियां लगाई गई। मेले में 350 कृषकों ने भाग लिया। 

Tuesday, April 19, 2016

महावीर जयन्ती पर प्रभात फेरी

भगवान महावीरस्वामी की जयंती पर मंगलवार को जैन समाज द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा अन्य कार्यक्रम होंगे।  मंगलवार सुबह सात बजे जैन धर्मावलंबियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी तथा नए जैन भवन में भगवान महावीर स्वामी के आदर्शों और जीवन चरित्र पर संगोष्ठी तथा अन्य कार्यक्रम होंगे। 

अस्पताल की जांच में डाक्टर मिले नदारद

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने शनिवार शाम को फतेहपुर कस्बे के धानुका अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में दो डॉक्टर और कंपाउंडर गैर हाजिर मिले। अनुपस्थित मिले कार्मिकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल में सफाई व्यवस्था दुरूस्त न मिलने पर प्रभारी और ठेकेदार को फटकारा।
सीएमएचओ डॉ. एसएस अग्रवाल ने बताया कि शनिवार शाम को फतेहपुर कस्बे के धानुका अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में डॉ. सुभाष महला, डॉ. गोरधन सौंकिया व कंपाउंडर दुलीचंद गैर हाजिर मिले। उपस्थिति रजिस्टर में क्रॉस का निशान लगाया। ड्यूटी से गायब मिले डॉक्टरों और कंपाउंडर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अस्पताल में सफाई की व्यवस्था सही न मिलने पर प्रभारी को फटकारा।




Monday, April 18, 2016

जानकी वल्लभ मंदिर में भंडारा

जानकीवल्लभमंदिर के महंत नारायणाचार्य की पुण्यतिथि पर दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का शनिवार को समापन हुआ।  मंदिर महंत नारायणाचार्य की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम हुए। रात्रि में महंत गोपेशाचार्य के सानिध्य में अायोजित भजन संध्या में भजनों की प्रस्तुति दी। शनिवार को भंडारा हुआ। 

Thursday, April 14, 2016

चुवास में धार्मिक आयोजन

श्रीनाथआश्रम चुवास में बाबा मालदास की 38वीं जयंती पर रविवार से दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुए। महंत निश्चलनाथ ने जानकारी दी कि रविवार रात्री विशाल भजन संध्या आयोजित की गई,जिसमें संत विक्रमनाथ पालवास, संत स्मृतिनाथ, संत शांतिनाथ सिनवाली, संत मुक्ति नाथ मीरण, संत मोतीनाथ काछवा आदि संतों ने भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी। सोमवार को भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।