Sunday, August 16, 2015

कृषि महाविद्यालय में छात्र आक्रोशित

कस्बेके कृषि महाविद्यालय पर गुरुवार को विभिन्न मांगों के समाधान की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि सभी छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास, स्थाई नियमित कॉलेज स्टाफ, पुस्तकालय प्रयोगशालाएं जो डिग्री का मूल आधार है, खेल मैदान की व्यवस्था, कॉलेज का स्थायी बस स्टैंड, कक्षाओं में फर्नीचर व्यवस्था आदि हो। छात्र नेता शंकरलाल चौधरी ने बताया कि कॉलेज प्रशासन को कई बार मौखिक लिखित रूप से सूचित किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 

Friday, August 14, 2015

निकाय चुनावों के लिए कमर कसी

 पालिकाचुनावों में नियुक्त पर्यवेक्षक कुंजबिहारी पांड्या ने गुरुवार को मतगणना स्थल संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। तहसीलदार एमसी लूणियां ने बताया कि पांड्या ने निर्वाचन अधिकारी एसडीएम पुष्करराज शर्मा से चुनाव तैयारियों की जानकारी ली तथा चमड़िया कॉलेज में होने वाली मतगणना स्थल और ईवीएम का निरीक्षण किया। चमड़िया कॉलेज में उम्मीदवारों की उपस्थिति में ईवीएम को सीज किया गया। एसपीएडीएम सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने  संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। एसपी और ने एसडीएम कार्यालय में एसडीएम पुष्करराज शर्मा, डीएसपी विनोद कालेर, कोतवाल रमेश माचरा, सदर थाना प्रभारी रामप्रताप के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण मतदान के लिए चर्चा की। एडीएम ने निर्देश दिया कि बिजली खंभों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों से प्रत्याशियों के पोस्टर हटाएं। उम्मीदवारों से आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करवाएं। बाद में एसपी और एडीएम ने अतिसंवेदनशील वार्ड 15 और 39 का निरीक्षण किया तथा डीएसपी और शहर कोतवाल को निर्देश दिए कि शांतिपूर्ण मतदान और मतदाताओं में भयरहित वातावरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। 
  

Thursday, August 13, 2015

शिक्षण से रुष्ट ग्रामीणों ने स्कूल को जड़ा ताला


राउमाविजालेऊ में शिक्षकों की कमी के विरोध में विद्यार्थियों ने स्कूल के ताला लगाकर शिक्षकों को बंद कर दिया। चार घंटे तक ताला लगाकर नारेबाजी की। कला में सीनियर सैकंडरी कक्षा में 12 शिक्षकों के स्थान पर मात्र चार शिक्षक है। 

स्कूल में हिंदी और भूगोल के व्याख्याता के, हिंदी के वरिष्ठ अध्यापक का पद, अध्यापक लेबल दो के तीनों पद एवं शारीरिक शिक्षक के एक पद खाली है। शिक्षकों के अधिकांश पद गत दो वर्षों से खाली चल रहे है। अभिभावकों और विद्यार्थियों ने अनेक बार प्रधानाध्यापक को शिकायत भी की, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। प्रधानाध्यापक रामस्वरूप जांगिड़ ने बताया कि उन्होंने कई बार जिलाशिक्षाधिकारी को शिक्षकों के पद भरने के लिए पत्र भी लिखा। प्रधानाध्यापक रामस्वरूप जांगिड़ ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को समझाकर स्कूल का ताला खुलवाया। 



Wednesday, August 12, 2015

थाने पर धरना

वाहन चालक और उसके साथी के साथ सदर थाने में एएसआई और अन्य पुलिसकर्मी द्वारा अपशब्द बोलने एवं बदतमीजी करने के खिलाफ पूर्व विधायक बनवारी लाल भिंडा समर्थकों के साथ थाने में धरने पर बैठ गए। देर शाम भिंडा ने मामले को लेकर गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया से बातचीत की। इसके बाद सदर थाने के एएसआई कानाराम को लाइन हाजिर कर दिया गया। बाद में भिंडा उनके समर्थकों ने धरना समाप्त कर दिया। 
आराेप है कि सदर पुलिस शनिवार शाम पिकअप गाड़ी जबरन थाने में ले आई। एएसआई कानाराम एवं सिपाही सुमेरसिंह ने वाहन मालिक सोहनलाल को अपशब्द कहे और रुपयों की मांग की। घटना की जानकारी मिलने पर पालिकाध्यक्ष मधुसूदन भिंडा अपने समर्थकों के साथ थाने में गए और सदर थाना प्रभारी रामप्रताप से बातचीत की। बाद में पूर्व विधायक बीएल भिंडा भी वहां गए और थाने में बैठ गए और दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की। डीएसपी विनोद कालेर थाना प्रभारी रामप्रताप ने करीब एक घंटे समझाइश की, लेकिन भिंडा उनके समर्थक अपनी मांग पर अड़े रहे।

सदरथाना प्रभारी रामप्रताप का कहना है कि पुलिस कर्मचारियों पर लगाए गए बदतमीजी रुपए मांगने के आरोप निराधार हैं निजीवाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान पुलिस ने पिकअप जब्त की थी। पुलिस का कहना है कि गाड़ी में तेज आवाज में गाने बज रहे थे। इसलिए कार्रवाई की गई। बाद में थाने से ही ड्राइवर निरंजन ने गाड़ी मालिक सोहनलाल को फोन कर बुला लिया। सोहनलाल का कहना है कि थाने में उससे बदतमीजी की गई और पांच सौ रुपए मांगे गए। बहरहाल  शिकायत पर जांच की जाएगी। फिलहाल एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है। इधर, इस संबंध में पिकअप ड्राइवर निरंजन आचार्य मामले के दौरान उसके साथ सलीम शेख ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। 



Monday, August 10, 2015

लोक अदालत लगाई

एसीजेएमकोर्ट में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में 53 प्रकरण निपटाए। तहसील स्तरीय समिति सदस्य एडवोकेट जीएल निर्मल एवं एडवोकेट महेंद्र वर्मा ने बताया कि एसीजेएम रेखा चौधरी की अध्यक्षता में लगी लोक अदालत में एसीजेएम ने लोक अदालतों के महत्व को रेखांकित किया। चेक अनादरण वसूली से संबंधित 54 मामले निपटाए। 

Friday, August 7, 2015

पेयजल की किल्लत से रोष

दरगाहक्षेत्र में पेयजल समस्या के लिए वार्डवासियों ने जलदाय विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया तथा पानी नहीं आने पर कर्मचारियों को जमकर लताड़ा। पार्षद ने भी विरोध प्रगट किया। क्षेत्र के बाशिंदों  ने बताया कि ऐतिहासिक नजमुदीन की दरगाह में 15 दिन से पानी की समस्या बनी हुइ है और लोगों को पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि पेयजल समस्या का शीघ्र ही नहीं सुलझाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। 

Thursday, August 6, 2015

राशन डीलर हड़ताल पर

 राशनडीलरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार से शुरू हुई। संघ के सचिव माणक ढाका ने बताया कि राशन डीलर संघ ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लिखा है कि राशन डीलरों के लिए बधवा कमेटी की सिफारिशें लागू कर उन्हें राज्य कर्मचारी माना जाए और 20 हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाए। डीलरों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएगी, तब वे हड़ताल जारी रखेंगे।