Tuesday, February 8, 2011

प्रशासन को दिया अल्टीमेटम

कस्बे में लगातार बढ़ रही चोरियों के विरोध में व्यापार मंडल ने रविवार सुबह प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दस फरवरी तक का अल्टीमेटम दिया है। रविवार दोपहर मुख्य बाजार में व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें विधायक भंवरू खां, एसडीएम फतेह मोहम्मद खान, शहर कोतवाल तेजपालसिंह भी मौजूद थे। बैठक में व्यापारियों ने पिछले दो माह से कस्बे में लगातार हो रही चोरियां रोकने में पुलिस के असफल रहने पर रोष व्यक्त किया। व्यापारियों का कहना है कि अपराध बढऩे से आमजन असुरक्षित महसूस कर रहा है। बैठक में व्यापारियों ने पुलिस व प्रशासन को ज्ञापन देकर दस फरवरी तक का समय अपराधियों को पकडऩे के लिए दिया है।
बैठक और ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि दस फरवरी तक समुचित कार्रवाई कर व्यापार मंडल को सूचित नहीं किया गया तो कस्बे को बंद करने का आह्वान किया जाएगा तथा धरना व प्रदर्शन भी किया जाएगा। बैठक में व्यापार मंडल के  अनेक व्यापारी उपस्थित थे।

Sunday, February 6, 2011

आखिर फूट पड़ा प्रशासन के खिलाफ आक्रोश

कस्बे में रुकते नजर नहीं आ रहे चोरों के आतंक के कारण कल प्रशाशन के खिलाफ लोगों का आक्रोश फूट पडा | लगातार बढ़ती चोरियों और व्यापारियों के साथ दिनोदिन बढ़ती आपराधिक वारदातों के प्रति व्यापार संघ द्वारा शनिवार देर शाम बैठक की गई। इसमें व्यापारियों ने खुलकर आक्रोश जाहिर किया। रामस्वरूप देवड़ा, मधु हिसारिया, प्रमोद पुरोहित, सुनील बूबना, मुन्ना धेलिया, जयराम मिश्रा सहित सभी व्यापारियों ने कहा कि कस्बे में आए दिन चोरियां हो रही हैं। व्यापारियों के साथ चोरी व लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस निष्क्रिय बैठी है। व्यापारियों ने कहा कि सुनील बूबना प्रकरण, बाबूलाल झालानी सहित अन्य व्यापारियों के साथ हुई वारदातों को पुलिस खोलने में नाकाम रही है। व्यापारी आज खौफ के माहौल में जी रहे हैं। 

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रविवार दोपहर को एसडीएम और डीएसपी को ज्ञापन सौंपकर उन्हें चोरों को पकडऩे के लिए तीन दिन का समय दिया जाएगा। यदि निर्धारित अवधि में प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है तो दो दिन बाद बाजार बंद सहित आंदोलनकारी कदम उठाए जााएंगे। 
उधर पुलिस वालों ऩे बताया क़ि  तीन दिन पहले मुख्य बाजार से पुलिसकर्मी बनकर व्यापारी से रूपए उड़ाने वालों का स्केच तैयार करवाया जाएगा । इसके लिए जयपुर से स्केच तैयार करने वालों की मदद ली जाएगी। व्यापारी से रूपए उड़ाने व चोरी की बढ़ती वारदातों को लेकर शनिवार शाम को पुलिस अधीक्षक गिर्राज मीणा ने मौका घटना स्थलों का मुआयना किया।
पुलिस अधीक्षक इस दौरान कस्बे के भार्गव मोहल्ले व वार्ड नौ में हुई की चोरी की वारदातों के स्थानों पर भी गए। बाद में पुलिस अधीक्षकने लूट के शिकार व्यापारी सुनील सांगानेरिया से भी बातचीत की। पुलिस अधीक्षक ने सुनील सांगानेरिया के बताए हुलिए के आधार पर कोतवाली थानाप्रभारी को स्केच तैयार करवाने के निर्देश दिए। इसके लिए जयपुर से भी टीम बुलवाकर मदद लेने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी की सभी वारदात एक ही तरीके से अंजाम दी गई है। इसके पीछे एक ही गैंग का हाथ हो सकता है। इसके लिए विशेष टीम का भी गठन किया गया है। बाद में पुलिस अधीक्षक ने लक्ष्मणगढ़ थाने का भी निरीक्षण किया। इस दौरान थानाप्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए।

टेड एक्स के सेमीनार में जन समूह उमड़ा

टीवी सीरियल बालिका वधु फेम आनंदी उर्फ अविका गौर ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षा ही वह साधन या हथियार है जो हर समय हमारे साथ रहता है और जीवन में आगे बढऩे में मदद करता है। वे शनिवार को श्री कृष्ण पाठशाला में अमेरिकन बेस्ड संस्था टेड एक्स के आगे की सोच विषय पर आयोजित सेमिनार में बोल रही थी। उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए कहा कि वे अभिनय के साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देती है। आनंदी ने बच्चों से पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने का आह्वान किया। ओलम्पिक पदक विजेता अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज मेजर राज्यवर्धनसिंह ने कहा कि जीवन में तभी आगे बढ़ा जा सकता है, जब खेलों के समान समर्पण व अनुशासन से काम किया जाए। उन्होंने कहा कि अब खेलों में भी कॅरियर बनाकर धन और इज्जत कमाई जा सकती है। मुसरत पीनारा ने सेमिनार का उद्देश्य बताते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार तथा लकीर से हटकर सफलता के लिए प्रयास करना है। विधायक भंवरू खां ने श्री कृष्ण पाठशाला को दो कमरों के लिए पांच लाख रुपए देने तथा स्कूल को क्रमोन्नत करवाने की घोषणा की। सेमिनार में दिल्ली विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रो. ओसाम मंजर ने आईटी का खेत-खलिहान में प्रयोग करने, नुसरत नकवी ने महिलाओं को अच्छा मैनेजर बताते हुए स्वयं शिक्षा लेने तथा बच्चों को शिक्षा देने की अपील की। मनप्रीत कौर, जयमहल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजीव लुनकड़ ने भी जानकारी दी। जीएपीसीएल अजमेर की डायरेक्टर भंवरीदेवी और मिश्रीदेवी ने अपने जीवन के संस्मरण सुनाते हुए बताया कि कैसे वे अनपढ़ होते हुए भी सफल व्यवसायी बनी। सेमिनार में पहली बार मुस्लिम महिलाओं ने इतनी बड़ी संख्या में किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लिया। 

Friday, February 4, 2011

फर्जी पुलिस बन चूना लगाया

फर्जी पुलिस बनकर सर्च वारंट के नाम पर व्यापारी की तलाशी के दौरान दो युवकों ने गुरुवार सुबह व्यापारी के थैले से एक लाख रुपए उड़ा लिए। दुकान खोलने आ रहे व्यापारी ने करीब आधे घंटे बाद थैला टटोला तो रकम गायब मिली। पुलिस ने बाइक सवार युवकों की तलाश कराई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। जानकारी के मुताबिक, रतनगढ़ निवासी सुनील सांगानेरी का फतेहपुर कस्बे के संकरी गली मार्केट में जय संतोषी मां क्लोथ स्टोर है। रोजाना की तरह सुनील गुरुवार सुबह करीब सवा नौ बजे फतेहपुर बस स्टैंड पर उतरकर दुकान खोलने के लिए पैदल मार्केट जा रहा था। दुकान से करीब डेढ़ सौ मीटर पहले एक युवक ने उसे रोक लिया और खुद को पुलिस कर्मी बताया। पास में काले रंग की बाइक पर बैठे युवक की ओर इशारा करते हुए व्यापारी से कहा कि साहब के पास तुम्हारा सर्च वारंट है और तुम्हें बुला रहे हैं। व्यापारी जैसे ही बाइक सवार युवक के पास पहुंचा तो उसने व्यापारी को धमकाने वाले लहजे में कहा कि वह गलत काम करता है, इसलिए तलाशी लेनी है। व्यापारी तलाशी देने को तैयार हो गया। एक युवक उसकी तलाशी लेने लगा, जबकि दूसरा उसके थैले की। थैले की तलाशी के दौरान युवक ने उसमें रखी पांच सौ रुपए की दो गड्डियां पार कर दी। तलाशी के बाद युवकों ने व्यापारी को थैला देकर भेज दिया। दुकान खोलने के करीब आधे घंटे बाद व्यापारी ने जब थैला संभाला तो उसे रकम गायब मिली। उसने साथी व्यापारियों को घटना की जानकारी दी। करीब साढ़े दस बजे पुलिस को सूचना मिली तो मौके पर पहुंची। पुलिस ने नाकाबंदी कराकर बाइक सवार युवकों की तलाश कराई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। उल्लेखनीय है क़ि फतेहपुर वृत्त में पिछले दो माह में करीब 36 चोरियां  हो चुकी हैं जिनमें से पुलिस मात्र एक का पता लगाने में सफल हुई है और उसमें भी आरोपी नौसिखिये कालेज छात्र थे | दिनों दिन बढ़ती इन वारदातों से जनता में भारी रोष व्याप्त है

चमडिया कालेज का वार्षिकोत्सव 11 को


सेठ जीआर चमडिय़ा पीजी कॉलेज में छात्रसंघ द्वारा वार्षिकोत्सव मल्हार २०११ का आयोजन ११ व १२ फरवरी को किया जाएगा। छात्रसंघ महासचिव गोविंद शर्मा ने बताया कि इस संबंध में छात्रसंघ की बैठक राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर कॉलेज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में छात्रसंघ समन्वयक प्रो. एचपी शर्मा के नेतृत्व में कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में कई छात्रों ऩे हिस्सा लिया |

लायन्स क्लब की ज़ोनल मीटिंग सम्पन्न

लायंस क्लब की जोनल बैठक स्थानीय अग्रसेन भवन में समारोह पूर्वक आयोजित की गयी | कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब की ज़ोन चेयर पर्सन लायन रमा बिदावतका ऩे की , मुख्य अतिथि रीजन चेयर पर्सन लायन संपत्ति मिश्रा थी | कार्यक्रम में जोन के करीब दस क्लबों ऩे हिस्सा लिया | सभी क्लबों के पदाधिकारियों ऩे अपने अपने क्लबों की गतिविधियों व आगामी परियोजनाओं पर प्रकाश डाला | कार्यक्रम में नए क्लब लायंस क्लब रामगढ शेखावाटी के गठन हेतु भी विचार विमर्श किया गया |

Wednesday, February 2, 2011

टेड एक्स का शिविर 5 को

मूलत अमेरिका आधारित संस्था टेड एक्स शेखावाटी द्वारा 5 फरवरी को स्थानीय श्री कृष्ण राजकीय माध्यमिक विद्यालय में सिक्षा पर एक दिवसीय सेमीनार आयोजित किया जाएगा | सेमीनार का विषय थिंक एहेड होगा | सेमीनार में कई आला शख्शियत शिरकत करेंगी जिनमें ओलम्पिक पदक विजेता अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाज राज्यवर्धन सिंह, टी वी सीरियल बालिका वधू की आनंदी अविका गौड़  दिल्ली विश्वविद्यालय के एसोसियेट प्रोफ़ेसर ओसाम मंजर, जल महल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर राजीव लुनकड़, माइंड रीडर नकुल शिनॉय इत्यादि शामिल हैं | वक्ता खेल में केरियर बनाने , लघु उद्योगों में आई टी का प्रयोग, अनपढ़ महिलाओं द्वारा व्यवसाय इत्यादि विषयों पर व्याख्यान देंगे | समारोह के मुख्य अतिथि विधायक भंवरु खां तथा विशिष्ट अतिथि जिला प्रमुख रीता सिंह होंगी | कार्यक्रम की प्रायोजक अमाना एजुकेशन सोसायटी हैं |