Monday, November 15, 2010

किसानों को राहत, प्रशासन की आफत

शेखावाटी अंचल में पिछले तीन दिन से जारी बिन मौसम की बरसात के दौर के बीच रविवार रात फतेहपुर में तेज अंधड़ (सूंटे) के साथ सवा घंटे आई भारी बरसात और ओलों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। अंधड़ के कारण दर्जनों पेड़ और बिजली के पोल धराशायी हो गए। आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सैकड़ों पक्षी काल कवलित हो गए। कस्बे के रास्ते दरिया बन गए। 
कस्बे में रात आठ बजे आठ मिनट के लिए आए अंधड़ ने फतेहपुर क्षेत्र के 20 किलोमीटर क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया। गनीमत यह रही कि इससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पेड़ गिरने से दर्जन भर से अधिक बिजली के पोल टूट गए। अंधड़ के बाद आई करीब डेढ़ घंटे तक चली बरसात और चने के आकार के ओलो से कस्बे के बस स्टैंड क्षेत्र सहित मंडावा रोड, गहणिया मंदिर, बूबना आई अस्पताल तक दो-दो फीट पानी भरने से सड़कें दरिया बन गईं और तमाम दावों के बावजूद प्रशासन एक बार फिर असहाय नजर आया जबकि रबी की फसल की अच्छी बुवाई की आशा में किसानों के चेहरों पर रौनक नजर आई | 

Sunday, November 14, 2010

आसमान से बरसा माता का आशीर्वाद



श्री चतुर्भज माताजी के मेले के पहले ही दिन माँ ऩे प्रसन्न होकर आसमान से बारिश के रूप में आशीर्वाद बरसाया | माता का  तीसरा वार्षिक मेला शनिवार को शुरू हुआ। दो दिवसीय मेले में पहले दिन शनिवार को माताजी की शोभायात्रा निकाली गई जो प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री चतुर्भजा माताजी के मंदिर पहुंची। मेले में मां चतुर्भुजा  के चारों रूपों की भव्य झांकी सजाई गई। पूरे रास्ते मां के भक्त भजनों पर नाच गा रहे थे। विशाल मेले में ऊँट, घोड़ों सहित अनेक मनोहारी झांकियां थी | माता के अनेक भक्त गले में लाल दुपट्टा लटकाए पूरे रास्ते भजनों से माता को रिझाने की कोशिश करते हुए झूम रहे थे |  शोभा यात्रा समाप्त होने पर ऐसा लगा जैसे भक्त माँ को खुश करने में सफल हो गए हैं, अचानक  दोपहर बाद बदरा घिर आये और बिन मौसम की बरसात ऩे माहौल खुशनुमा बना दिया | मेला रविवार तक चलेगा, मेले में कोलकाता, रानीगंज, मुंबई, हरियाणा व बिहार सहित अनेक स्थानों से बाजोरिया, गनेड़ीवाल और पंसारी गौत्रीय अग्रवाल अप्रवासी आए हैं जो अपनी कुलदेवी को धोक लगाएंगे।

Friday, November 12, 2010

मौके पर ही किया समस्याओं का समाधान

प्रशासन गाँवों के संग शिविर में यहाँ अधिकारियों ऩे अनेक ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कर दिया | ग्राम रोल साहबसर में शिविर में विधायक भंवरु खां सहित अनेक आला अधिकारी मौजूद थे | हालांकि मूख्य सचिव श्री एस अहमद काफी देरी से पहुंचे लेकिन उन्होंने आते ही अन्य क्षेत्रों में आयोजित शिविरों का हवाला देते हुए ग्रामीणों से माफी मांग ली | जब तक सचिव मौके पर पहुंचे तब तक अधिकाँश भीड़ छंट चुकी थी किन्तु अनेक ग्रामीण शिविर से लाभान्वित नजर आये | शिविर प्रभारी ऩे बताया क़ि मुख्य मंत्री खुद शिविर में होने वाले कार्यों पर नजर रखे हुए है ऎसे में अधिकारियों की किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हवाएं होने लगी बर्फानी

देश के दक्षिणी-पश्चिमी भाग में आए चक्रवात का असर गुरूवार को शेखावाटी अंचल में भी नजर आया। हालांकि पिछले दो दिन से बादल छाए हुए थे, लेकिन गुरूवार को अंचल के अनेक स्थानों पर बरसात हुई। बरसात से किसानों में उत्साह की लहर दौड़ गई है और रबी की शुरूआत में बरसती बूंदें फसलों के लिए "जन्म घुट्टी" का काम कर गई। चूरू जिले के सुजानगढ़ व नागौर जिले के लाडनूं कस्बे में दोपहर करीब एक घंटे तक तेज बरसात होने से सड़कों पर एक से दो फीट तक पानी भर गया। सीकर, गणेश्वर, लक्ष्मणगढ़, नाथावतपुरा, बेरी और खण्डेला में शाम को बरसात हुई। सीकर में शाम साढ़े पांच बजे अचानक बरसात शुरू हो गयी और अच्छी बरसात हुई। निकटवर्ती नवलगढ़ में भी बारिश हुई। फतेहपुर में हालांकि बरसात नहीं हुयी पर देर शाम आस पास के इलाकों की बरसात का असर दिखा और हवाओं में ठंडक महसूस की गयी | मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात का असर 14 नवम्बर तक रहेगा।

Wednesday, November 10, 2010

श्री चतुर्भुजा माताजी का मेला 13 से

श्री चतुर्भुजा माताजी का तीसरा वार्षिकोत्सव मेला 13  नवंबर से भरेगा। आयोजक श्री चुतर्भुजा माताजी भक्तवृंद कोलकाता ने बताया कि गनेड़ीवाल और बाजोरिया अग्रवाल गोत्रियों की कुलदेवी श्री चतुर्भुजा माताजी के वार्षिकोत्सव का आयोजन श्री चतुर्भुजा माताजी के मंदिर में होगा। दो दिवसीय कार्यक्रम में शनिवार को माताजी की शोभायात्रा और मेला भरेगा। रविवार को दुर्गासप्तशती के पाठ, हवन, अखंड ज्योत, छप्पन भोग, श्री चतुर्भज माताजी के शृंगार सहित स्थानीय और कोलकाता के कलाकारों द्वारा भजन कीर्तन आदि का कार्यक्रम होगें। मेलें में कोलकाता, मुंबई, आसाम व मद्रास आदि क्षेत्रों से बाजोरिया और गनेड़ीवाल अग्रवाल गोत्रीय अप्रवासी आएंगे

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए ट्रायल

  
रोलर स्केटिंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए खिलाडिय़ों का चयन निमावत पब्लिक स्कूल में मंगलवार को पूरा हुआ। प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक भागीरथमल महिचा ने बताया कि दिल्ली में होने वाली शिक्षा विभाग की 56 वीं राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए दो दिवसीय सलेक्शन ट्रायल निमावत स्कूल में हुई। इसमें 11 ,14 ,17  और 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र -छात्राओं की ट्रायल में 29 छात्रों और 8 छात्राओं ने भाग लिया। चयन के समय  खेलकूद एवं शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उपस्थित अधिकारियों  ने स्कूल में खेलकूद सुविधाओं की जानकारी ली तथा निकटवर्ती विनायक इंटरनॅशनल एकेडमी का दौरा किया |  

नगरपालिका की बैठक सम्पन्न

नगरपालिका की साधारण सभा की पहली बैठक मंगलवार को नव निर्वाचित पालिकाध्यक्ष मधुसूदन भिंडा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभी पार्षदों ने एजेंडे के सभी विषयों को ध्वनिमत से पारित कर एकजुटता दिखाई। अधिशासी अधिकारी पीरामल ने सभा का एजेंडा रखा। पार्षद मुश्ताक नजमी ने बिजली कार्यों को प्राथमिकता से हल करने का तथा पुरानी एनआईटी के आधार पर विकास कार्य करने के प्रस्ताव रखे। अजय पारीक ने आवारा पशुओं की समस्या रखी। रईस लुहार व अहमद बेहलीम आदि ने भी चर्चा में भाग लिया। बैठक की शुरुआत से पहले सदस्यों ने अपना परिचय दिया। 

पालिकाध्यक्ष ने सदन को आश्वासन दिया कि जनहित में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कस्बे के सर्वांगीण विकास के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने सदस्यों से मिलकर काम करने का आग्रह किया। साधारण सभा की बैठक अल्प समय के लिए ही चली और इसमें सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए