Wednesday, May 20, 2015

शिक्षा मंत्री से खफा शिक्षक

शिक्षकोंकी समस्याओं के निराकरण के लिए शिक्षक संघ शेखावत गुट ने सोमवार को प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली और शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। शिक्षक समस्याओं के लिए शिक्षक संघ शेखावत गुट ने सोमवार को बैठक कर सरकार की नीतियों की आलोचना की तथा शिक्षक और शिक्षा विरोधी नीतियों केा तुरंत वापस लेने की मांग की ।सात सूत्रीय मांगों के लिए एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सैंकडों शिक्षकों ने पंचायत समिति से बाबडी गेट तक रैली निकाली,शिक्षा मंत्री की शवयात्रा निकालते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए बावडी गेट पर शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका गया। रैली में भाग लेने वालों ने यह भी कहा  कि यदि शिक्षकों की मांग नहीं मानी गई तो आठ जुलाई को बड़ा प्रदर्शन करेंगी। 

रोसावां मार्ग पर राजकीय बस सेवा प्रारम्भ

रोसावांमार्ग पर सोमवार से ग्रामीण रोडवेज बस सेवा सोमवार से शुरू हुई। फतेहपुर से किशनुपरा के लिए रात्रीकालीन ग्रामीण रोडवेज बस को रोडवेज बसस्टैंड फतेहपुर से सोमवार को रतन महर्षि एवं रामप्रसाद जांगिड ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीकर से रोडवेज शाम छह बजे पहुचेंगी तथा 6.15 पर रवाना होगी। इस बस सेवा के शुरू होने से हरदयालपुरा, गोविंदपुरा, रोलसाबसर, हुडेरा, थेथलियां, ढाणी रामपुरा, रोसावां, किशनपुरा आदि भीतरी ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को राहत मिलेंगी। बस का रात्रि विश्राम किशनुपरा में होगा और सुबह 7.15 पर बस फतेहपुर के लिए रवाना होगी। यह इस रूट की पहली ग्रामीण रोडवेज बस सेवा है।  

बीएसएनएल का खुला अधिवेशन

बीएसएनएलकार्यालय में गुरुवार को खुला अधिवेशन महाप्रबंधक ओमप्रकाश जांगिड़ की अध्यक्षता में हुआ। इसमें उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया गया। खुले अधिवेशन में उपभोक्ताओं की कॉल ड्रॉप, इंटरनेट कनेक्टिविटी आदि समस्याओं का निराकरण किया गया। उपभोक्ताओं ने शिकायत की सरदारपुरा स्टैंड के आसपास मोबाइल सिंग्नल की समस्या रहती है, इस पर महाप्रबंधक ने एसडीई गोदारा को सरदारपुरा स्टैंड और टेलीफोन एक्सचेंज के बीच जगह का चयन कर नया टावर लगाने के निर्देश दिए। उपभोक्ताओं को बीएसएनल की रात्रि में सभी नेटवर्क पर फ्री कालिंग सुविधा की जानकारी देते हुए सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। 

साक्षरभारत कार्यक्रम की कार्यशाला

साक्षरभारत कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति में शनिवार को एक दिवसीय साक्षरता कार्यशाला हुई। कार्यशाला में अधिकारियों ने कहा कि साक्षर भारत सरकार की फ्लैगशिप योजना है, अत: सभी इसमें योगदान दें तथा 15 वर्ष से कम उम्र के किसी भी व्यक्ति को निरक्षर रहने दें और सभी अपने लक्ष्य से अधिक काम करें। जिला साक्षरता अधिकारी  ने साक्षरता अभियान के बारे में जानकारी दी। कार्यशाला में कई शिक्षक, साक्षरता प्रेरक, स्वयंसेवी संगठन प्रतिनिधि आदि मौजूद थे। इस अवसर पर साक्षरता क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। 

फिर विवादों में सीवरेज


सीवरेजनिर्माण कार्य के दौरान घटिया सामग्री का उपयोग करने पर रविवार को लोगों ने काम रुकवा दिया। कस्बे में आशाराम मंदिर के पास पेचवर्क किया जा रहा था, जिसे लोगों ने बंद करवा दिया। लक्ष्मीनारायण सारस्वत ने बताया कि आशारामजी के मंदिर से सालमन के कुएं तक सीवरेज योजना के तहत पाइप लाइन डालने के लिए सड़क तोड़ी गई थी। अब तीन दिन से टूटी सड़क पर पेचवर्क किया जा रहा है। 
आसपास के दुकानदारों को आरोप है कि सीवरेज कंपनी मापदंडों के अनुसार काम नहीं कर रही है और घटिया निर्माण सामग्री, कम सीमेंट, बजरी आदि का उपयोग किया जा रहा है। बार-बार कहने पर भी जब ठेकेदार ने काम की गुणवत्ता नहीं सुधारी तो लक्ष्मीकांत सारस्वत, शिवकुमार, घीसाराम हवलदार, नारायणसिंह, सुभाष नरेश आदि ने विरोध कर काम बंद करवा दिया। 


कस्बेमें सीवरेज परियोजना शुरू होने के साथ ही विवादों में गई थी। घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग, बिना योजना के साथ काम करने सहित अन्य कारणों से योजना का विरोध होता रहा है। सांई बाजार में ट्रक का चैंबर में फंसना, रोडवेज बस स्टैंड पर ट्रक का चैंबर में फंसना, चौमाल मोहल्ले में घटिया निर्माण सामग्री उपयोग करने पर विरोध करना आदि प्रकरण होते रहे हैं। विधानसभा में भी विधायक नंदकिशोर महरिया ने सीवरेज परियोजना की जांच की मांग उठायी थी। गत दिनों एसडीएम आरके गढ़वाल ने भी सीवरेज अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि कार्यों में सही निर्माण सामग्री का उपयोग करें। रोजाना रिपोर्ट करें अन्यथा सामान जब्त करने की भी बात कही थी। पिछले शुक्रवार को ही सीवरेज परियोजना का निरीक्षण करने आए स्वायत्त शासन सचिव मंजीतसिंह ने भी परियोजना अधिकारियों को लताड़ लगाते हुए कहा था कि वे हवा में नहीं उड़ें, बल्कि धरातल पर रह कर काम करें और अच्छी सामग्री का प्रयोग करें। साथ ही ईओ और जेईएन पालिका को भी हिदायत दी थी कि वे सीवरेज कार्यों का निरीक्षण करें तथा हर काम की समय सीमा तय करें। 


पुलिस से नाराज सर्राफा कारोबारी

कस्बेके सर्राफा व्यापारियों ने सोमवार को डीएसपी से मुलाकात की। डीएसपी विनोद कालेर को दिए ज्ञापन में लिखा है कि चोरी के मामलों में पुलिस ज्वैलर्स को परेशान करती है। ज्वैलर्स एसोसिएशन अध्यक्ष ने बताया कि कई व्यापारी मालूम नहीं होने पर चोरी का माल खरीद लेते है। पुलिस सभी व्यापारियों को जानबूझकर परेशान कर रही है, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित होता है। उन्होंने डीएसपी से मांग की बिना पुख्ता सबूत के जैवलर्स को परेशान नहीं किया जाए। उल्लेखनीय है कि गत दिनों हुए कई स्वर्णाभूषण चोरी प्रकरणों में से किसी भी प्रकरण में प्रशासन को कोई सुराग नहीं लग पाया है । 

गर्मी का हाई वोल्टेज

सोमवारको सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। इलाके में मौसम साफ होते ही झुलसाने वाली गर्मी हो गई। दिन का पारा 2.6 डिग्री बढ़कर 45.2 डिग्री पहुंच गया। तेज गर्मी से लोगों की दिनचर्या बदल गई। गर्मी की वजह से मार्केट में देर शाम तक सन्नाटा पसरा रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को फतेहपुर में अधिकतम तापमान 45.2 न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि रविवार को फतेहपुर में अधिकतम 42.6 डिग्री न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रहा। 
मौसमवैज्ञानिकों के अनुसार हवा की रफ्तार कम होने के साथ गर्मी के तेवर तेज हो गए। मौसम खुला रहने से धूप का असर अचानक बढ़ गया। वहीं तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हो गई।