Saturday, June 11, 2016

रमजान की नमाज पढी


शुक्रवारको जामा मस्जिद में रमजान के पहले जुमे की नमाज अदा की गई। रोजेदारों में भी उत्साह बना हुआ था। शहर की जामा मस्जिद में रोजे की फजीलत पर विशेष बयान किया। जकात फितरा देकर जरूरतमंद लोगों का ख्याल रखने की बात कही। फिर अरबी में खुतबा हुआ। इसके बाद जुमे की नमाज अदा की गई। अमन-चैन भाईचारे की दुआएं की गई। 
फतेहपुर.बड़ीमस्जिद, कलंदरी मस्जिद, मस्जिद वजीर हाजी, उस्मानिया मस्जिद, मस्जिद चेजारान, मदीना मस्जिद, मस्जिद दड़े दौलत खां सहित कस्बे की अन्य सभी मस्जिदों में रोजेदारों ने पहले जुमे की नमाज अदा कर मुल्क में अमन और चैन की दुआ मांगी। नन्हे रोजेदारों ने भी नमाज पढ़ी। 

Wednesday, June 8, 2016

मानसून २२ तक आने की सम्भावना


फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर छह साल में पहली बार रिकॉर्ड तोड़ तापमान दर्ज किया गया। जयपुर मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार से प्रदेश में प्री-मानसून की दस्तक हुई है। 15 दिन तक बादलों की आवाजाही रहेगी। 21-22 जून तक प्रदेश में मानसून की संभावना है। 

मौसमविभाग का मानना है कि प्री-मानसून की रौनक में तापमान में गिरावट आएगी। नमी बढ़ने और बादलों की आवाजाही रहने के साथ ही मानसून की दस्तक से पहले कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने की संभावना है। नमी बढ़ने से मौसम भी अनुकूल रहेगा। 
फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर चार दिन से तापमान 45 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। रिकॉर्ड के अनुसार चार जून को 45.2, पांच को 45.4, छह को 45.2 सात जून को 45.8 डिग्री दर्ज किया गया। 


Tuesday, June 7, 2016

पंचायत की बैठक में योजनाओं की समीक्षा

 पंचायतसमिति में सोमवार को विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई बीडीओ विक्रमसिंह राठौड़ ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई 
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पंस की शेष पांच पंचायतों में ओडीएफ कार्य 30 जून तक पूर्ण करने तथा प्रस्तावित पंचायतों में एडब्ल्यूएम के तहत 20लाख के प्रस्ताव तैयार कर भिजवाने, टीएफसी,एफएमसी, एमएलए लेड, एमपी लेड, किसान सेवा केन्द्र, मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर प्रभारियों को निर्धारित समयावधि तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए 

Monday, June 6, 2016

सांसद की जन सुनवाई

सांसदसंतोष अहलावत ने रविवार शाम को ग्राम हिरणा में जनसुनवाई की। सांसद अहलावत ने मोदी सरकार की मुद्रा योजना, डिजिटल, मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी। सांसद ने बताया कि केंद्र ने झुंझुनूं जिलें के लिए 180 करोड़ की 123 सड़कें स्वीकृत की हैं। इनमें केंद्र अपने हिस्से की 60 प्रतिशत राशि भेज चुका है। अब राज्य सरकार द्वारा 40 प्रतिशत राशि मिलते ही कार्य शुरू हो जाएगा। सांसद ने बताया कि फतेहपुर से रेवाड़ी तक नेशनल हाईवे के लिए स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही लोगों को दिल्ली के लिए बेहतर सड़क साधन मिलेंगे। सांसद अहलावत ने कहा कि गारिंडा और ताखलसर में रेलवे अंडरपास बनवाने के लिए वे रेल अधिकारियों से संपर्क में हैं। फतेहपुर क्षेत्र वन भूमि पर बसे लोगों के लिए उन्होंने कहा कि लोगों को विस्थापित नहीं किया जाएगा। सरकार से बात कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने नवसृजित पंचायत ठेड़ी के सरपंच को पंचायत भवन बनवाने का आश्वासन दिया। महिपाल बलारां ने बताया कि सांसद ने अलफसर में खुर्रा निर्माण के लिए पांच लाख की राशि देने की घोषणा की। दुर्गा माता मंदिर में महिलाओं ने गांव में पानी की टंकी बनवाने तथा गंदे पानी की निकासी की समस्या रखी। 


Saturday, June 4, 2016

कारंगा में शराब ठेके को लेकर आक्रोश

कारंगा बड़ा में शराब ठेका हटवाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुक्रवार को ठेके के सामने प्रदर्शन किया। बताया गया कि शराब ठेकेदार ने गांव के बीच में शराब ठेका खोल रखा है और पूरी रात शराब की बिक्री करता है। कि शराबी रातभर उत्पात मचाते हैं और आसपास की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। गुरुवार रात्रि में भी शराब पीकर लोगों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस पर शुक्रवार को आक्रोशित महिलाओं ने ठेके के सामने विरोध प्रदर्शन किया तथा ठेके को बंद करवा दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने चेेतावनी दी है कि यदि गांव से शराब ठेके को नहीं हटाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। 

Thursday, June 2, 2016

कनाडा में परचम लहराएगा फतेहपुर का लाल

मेकमास्टर विश्वविद्यालय कनाड़ा में तीन जून से होने वाली 23 वीं अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला में फतेहपुर तहसील के थेथलिया निवासी डा. केसी भामू भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यशाला सात जून तक चलेगी। जिसके लिए देश से भामू का एक मात्र प्रतिनिधि के तौर पर चयन किया गया है। भामू 2008-09 के बाद फिजिक्स से भारत सरकार की प्रतिष्ठित डा. डीएस कोठारी फैलोशिप प्राप्त करने वाले राजस्थान के पहले युवा वैज्ञानिक हैं। 

Wednesday, June 1, 2016

जलदाय विभाग ने पाइप में से निकाली जड़

जलदायविभाग के कर्मचारियों ने मोमीनपुरा और मोहल्ला आचार्यों में पाइप लाइनों से पेड़ की जड़ें निकाली। जलदाय विभाग की जेईएन हंसा शर्मा और गिरधारी लाल बबेरवाल ने बताया कि मोहल्ला मोमीनपुरा तथा मोहल्ला आचार्यों में मोहल्लेवासी कई दिनों से पेयजल के संकट से जूझ रहे थे। कम पानी की शिकायत कर रहे थे। दोनों इलाकों में पाइप लाइन की जांच की तो दो स्थानों पर पेड़ की जड़ें निकली। इससे पूरी पाइप लाइन अवरुद्ध हो रही थी। जलदाय कर्मियों ने पाइपों से जड़ें निकाल कर जलापूर्ति दुरुस्त की।