Monday, February 17, 2014

सीवरेज में लापरवाही पर ज्ञापन

कस्बे में चल रही सीवरेज योजना में लापरवाही के खिलाफ भाजपा किसान मोर्चा ने गुरुवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने बताया कि कस्बे में चल रही सीवरेज परियोजना में ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, रास्ते अवरुद्ध हो रहे हैं, निर्माण कार्य को कई स्थानों पर अकारण बंद कर रखा है। इससे आवागमन में परेशानी होती है। निर्माण कार्यों के दौरान तोड़ी गई सड़कों को दोबारा नहीं बनाया जा रहा है। मोर्चे के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि 20 दिन में समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। 

चमड़िया कालेज में घूमर 2014

चमडिय़ा कॉलेज छात्रसंघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम घूमर 2014 का बुधवार को समापन हुआ। छात्रसंघ अध्यक्ष ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता राजकुमार झाझडिय़ा ने की। मुख्य अतिथि विधायक नंदकिशोर महरिया थे । समारोह में खेल एवं शिक्षा में विशिष्ट स्थान रखने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। समारोह में जयपुर के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। कस्बे में सरकारी कॉलेज की मांग के लिए दिए गए ज्ञापन पर विधायक महरिया ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री से भी बात की है। 

सूर्य सप्तमी पर पूजा

शाकद्विपीय भोजक ब्राह्मण समाज द्वारा गुरुवार को सूर्य सप्तमी मनाकर सूर्य भगवान की पूजा की गई। इस अवसर पर महिलाओं द्वारा भोजक चौक से कलश यात्रा निकाली गई जो मुख्य बजार, लक्ष्मीनाथ मंदिर होते हुए शाकद्विपीय भोजक ब्राह्मण भवन पहुंची, जहां हवन कर भगवान सूर्य को आहुति दी गई। शाम को भोजक चौक में समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर सुंदर कांड पाठ किए गए। समाज के अनेक लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

आक्रोशित ग्रामीणो ने विद्यालय को जड़ा ताला

राजकीय माध्यमिक विद्यालय कारंगा बड़ा में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने मंगलवार को स्कूल को ताला लगा दिया। तहसीलदार, बीईईओ आदि की करीब दस घंटे की समझाइश पर ग्रामीण स्कूल का ताला खोलने को राजी हुए। तहसीलदार ने दो शिक्षकों को एपीओ और एक शिक्षक को डेपुटेशन पर भेज दिया। ग्रामीणो ने बताया  कि रामावि कारंगा बड़ा में कई दिनों से शैक्षणिक माहौल बिगड़ा हुआ है। शिक्षक अध्ययन की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे परेशान होकर अभिभावकों एवं छात्रों ने मंगलवार को स्कूल को ताला लगा दिया। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार , बीईईओ आदि मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से ताला खोलने के लिए समझाइश की, लेकिन ग्रामीण टस से मस नहीं हुए। बाद में तहसीलदार एवं बीईईओ ने जिला शिक्षा अधिकारी से बातचीत की और उनके निर्देश पर एक शिक्षक को डेपुटेशन पर भेज दिया तथा एवं दो शिक्षको को फतेहपुर के लिए रिलीव कर दिया। शाम छह बजे ग्रामीणों एवं प्रशासन में समझौता होने और तीन शिक्षकों को विद्यालय से हटाने के बाद ग्रामीणों ने स्कूल का ताला खोला।  

ताजसर में शैक्षिक मेला

राजकीय कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय में शुक्रवार को किशोरी मेला संपन्न हुआ। प्रधानाचार्य ने बताया कि मेले का उद्घाटन विधायक नंदकिशोर महरिया ने किया। मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी थे। मेले में हिंदी, गणित, विज्ञान, सामाजिक आदि विषयों की स्टाल लगाई गई। इसमें विषयवार मॉडल लगाए गए गए, जिससे खेल-खेल में बच्चों को शिक्षा मिल सके। 

Wednesday, February 5, 2014

शिक्षा मंत्री का अभिनन्दन



शिक्षा मंत्री कालीचरण सराफ का उनके पैतृक नगर फतेहपुर के नागरिकों ने आज भाव भीना अभिनन्दन किया । श्री सराफ ने  नटवर बिंदल के साथ बिंदल कुलदेवी तथा लक्ष्मीनाथ जी के मंदिर में धोक लगाई । श्री अग्रसेन भवन में फतेहपुर नागरिक परिषद् ने उनका अभिनन्दन समारोह आयोजित किया । श्री सराफ ने कहा फतेहपुर मेरा पैतृक गाँव है और यहाँ के निवासी मेरे लिए परिवार के सदस्य की भांति है ।
उन्होंने यहाँ सरकारी कालेज एवं बालिका सीनियर स्कूल खुलवाने का आश्वासन भी दिया और यह भी कहा कि क्षेत्र की हर आवश्यकता को पूरा किया जाएगा । उन्होंने कहा कि फतेहपुर की जनता के एक नहीं दो विधायक हैं , एक वो जिसे फतेहपुर वासियों ने चुन  कर भेजा है और एक कालीचरण सराफ । समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधायक बनवारीलाल भिंडा ने की ।
नागरिक परिषद् ने  उन्हें साफा पहनाया तथा शाल ओढ़ाकर श्रीफल भेंट किया , एक अभिनन्दन पत्र भी भेंट किया । समारोह को पालिकाध्यक्ष मधुसूदन भिंडा ने भी सम्बोधित किया । समारोह में व्यापार मंडल सचिव सुनील बूबना , अग्रवाल समाज अध्यक्ष भगवती प्रसाद सराफ, पूर्र्व नगर पालिका उपाध्यक्ष रक्षपाल पारीक , पूर्व पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी, भूतपूर्व पार्षद प्रमोद जोशी , बाबूलाल झालानी , रमाकांत गोयनका
सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे । कार्यक्रम का संचालन अंकित बूबना ने किया ।

Tuesday, January 28, 2014

सीकर में गोवंश भरा ट्रक पकड़ा

जोधपुर से ट्रक में भरकर अलवर के टपूकड़ा लेकर जा रहे गोवंश से भरे ट्रक को परिवहन विभाग के उड़न दस्ते ने सांवली रोड बाइपास के पास पकड़ लिया। बाद में सूचना पर गोसेवा व पशु क्रूरता निवारण समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को जोधपुर से ट्रक में गायें भरकर तीन युवक अलवर लेकर जा रहे थे। ट्रक में करीब 27 गायें भरी हुई थी। सांवली बाइपास के पास परिवहन निरीक्षक ने ट्रक की जांच की तो उसमें गायें ठूंस-ठूंस कर भरी हुई मिली। इस पर परिवहन निरीक्षक ने पुलिस व गोसेवा समिति के पदाधिकारियों को सूचना दी। बाद में सूचना पर गोसेवा समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पदाधिकारियों ने मौके पर ट्रक में भरी गायों को मुक्त करवाया। इस दौरान पुलिस के नहीं पहुंचने पर पदाधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गायों को गोशाला में छुड़वाया है। मामले में पुलिस ने हरियाणा के फिरोजपुर निवासी अलवर के टपूकड़ा निवासी युवकों को गिरफ्तार कर लिया।