Friday, October 26, 2012

कन्या भ्रूण ह्त्या पर लगे रोक

सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय में मंगलवार को अध्यापिका मंच की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम पर चर्चा की गई। बीईईओ जगदीश प्रसाद शर्मा, डा. निर्मला खीचड़ ने शिक्षिकाओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। डा.खीचड़ ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां दी। 

जल संग्रहण में नवाचारों पर अध्ययन

समन्वित जलग्रहण प्रबंधन परियोजना के तहत लाभान्वित किसानों का दल सोमवार को रवाना हुआ। सहायक अभियन्ता जलग्रहण पंस फतेहपुर ने बताया कि भारत सरकार द्वारा स्वीकृत समन्वित जलग्रहण परियोजनाओं में फतेहपुर पंस के 18 गांवों के 150 लाभान्वितों का दल सात दिवसीय अध्ययन यात्रा के लिए सोमवार को रोलसाबसर से रवाना हुआ। विधायक भंवरु खां एवं जिला प्रमुख रीटासिंह ने अध्ययन दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल राज्य के सात जिलों में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी आदि क्षेत्रों में जलग्रहण प्रबंधन, नवाचारों का अध्ययन करेगा।   

आवारा पशुओं ने किया चलना दूभर

कस्बे में आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगरपालिका को ज्ञापन दिया गया। नगर पालिका के पार्षदों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर कस्बे में आवारा पशुओं के निवारण की मांग की। गौर तलब है कि गत कुछ महीनों से कस्बे में आवारा पशुओं की संख्या इतनी बढ़ गयी है कि  आम रास्तों पर लोगों का चलना दूभर हो गया है  । राह चलते राहगीरों को जब चाहे आवारा पशुओं के कोप का शिकार बनना पड़ता है । 

गन्दगी से निजात के लिए दिया ज्ञापन

वार्ड ३१ के लोगों ने वार्ड में फैली गंदगी हटाने व स्ट्रीट लाइट ठीक कराने के लिए पालिका को ज्ञापन दिया है। वार्ड के लोगों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर बताया कि वार्ड में पंचमुखी बालाजी मंदिर, शीतला स्कूल, मंडावा रोड आदि की गलियों में गंदगी फैली हुई है। साथ ही छह माह से गलियों में स्ट्रीट लाइट भी खराब है। 

जय गुरुदेव की रैली

जयगुरूदेव भक्त मंडल द्वारा बुधवार को शाकाहार रैली निकाली गई ओर सूर्य मण्डल में सतसंग का आयोजन किया गया। स्थानीय भक्तमंडल के नंदलाल चावला ने बताया कि शाकाहार के लिए रैली निकाली गई जो कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई सूर्य मण्डल पहुंची, जहां सत्संग का आयोजन किया गया। जयगुरुदेव भक्तमंडल के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने सतसंग में कहा कि संत, महापुरुष कभी नहीं मरते बल्कि वे अपने आदर्शों, विचारों के रूप में सदैव अमर रहते है। भले ही वे दैहिक रूप से हमारे मध्य नहीं रहें परन्तु वैचारिक रूप से सदैव हमारे बीच रहते है। उन्होंने साधु-संतों की सेवा, सतसंग के लाभ आदि बताए। 

कर्मचारी मिले अनुपस्थित

ब्लॉक चिकित्साधिकारी ने मंगलवार को उपस्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। ब्लाक चिकित्साधिकारी डा. निर्मलसिंह ने बताया बारी उपस्वास्थ्य केन्द्र में दो एएनएम अनुपस्थित थी। हुडेरा और थेथलिया उपस्वास्थ्य केन्द्र बंद पाए गए। रोसावां में एक कर्मचारी अनुपस्थित मिला।

शिक्षण पर कार्यशाला

सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र नई दिल्ली की स्थानीय इकाई द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला का समापन शनिवार को बीआरसी कार्यालय में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अरुण माथुर ने कहा कि शिक्षकों को सांस्कृतिक ज्ञान का समावेश शिक्षण विषयों के साथ करना चाहिए ताकि शिक्षण रुचिदायक हो सके। बलबीर सिंह फगेडिय़ा व बनवारी लाल शर्मा ने हैदराबाद व गुवाहाटी प्रशिक्षण की जानकारी दी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी भी मौजूद  थे।